बरेली, May 30, 2026

प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री भूपेंद्र चौधरी और अन्य जनप्रतिनिधि
Bareilly Uttar Pradesh: सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को बरेली स्थित सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक युवाओं तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में एमएसएमई विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्रचलित योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है और युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह हताश और निराश हो चुका है तथा नकारात्मक एजेंडे के साथ लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता सजग है और इस तरह की राजनीति करने वालों के लिए अब कोई स्थान नहीं बचा है। वहीं पेपर लीक की घटनाओं को दुखद बताते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है ताकि युवाओं का विश्वास बना रहे।
ईरान-अमेरिका तनाव के कारण संभावित ऊर्जा संकट के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह विश्वस्तरीय समस्या है। भारत सरकार लगातार अन्य देशों के साथ बातचीत कर रही है ताकि ऊर्जा की आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठन और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई।
Published on: 30 May 2026 02:57 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।