बरेली, May 30, 2026

फाइव स्टार होटल में डेटा चोरी
Bareilly News: शहर के फाइव स्टार होटल रमाडा एनकोर में डेटा चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल के एक कर्मचारी पर ग्राहकों की गोपनीय जानकारी, व्यावसायिक रिकॉर्ड और महत्वपूर्ण डिजिटल डाटा चोरी करने का आरोप लगा है। आरोप है कि कर्मचारी नौकरी छोड़ने से पहले होटल के कंप्यूटर सिस्टम से फाइलें डिलीट कर गया, जिससे पूरे होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद बारादरी थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल के एचआर विभाग में तैनात पवन जोशी के अनुसार कर्मचारी फरीद खान 13 मई को अचानक बिना किसी सूचना के नौकरी छोड़कर चला गया। शुरुआत में इसे सामान्य मामला माना गया, लेकिन जब होटल के कंप्यूटर सिस्टम और ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच कराई गई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोप है कि फरीद होटल का महत्वपूर्ण डेटा और ग्राहकों की गोपनीय जानकारियां अपने साथ ले गया।
होटल प्रबंधन का आरोप है कि डेटा चोरी के बाद फरीद ने सिस्टम में मौजूद कई महत्वपूर्ण फाइलें डिलीट भी कर दीं, ताकि रिकॉर्ड दोबारा हासिल न किया जा सके। इससे होटल को न सिर्फ व्यावसायिक नुकसान पहुंचा, बल्कि ग्राहकों की निजता और होटल की साख पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राथमिकी में मो. साजिद अंसारी का नाम भी शामिल किया गया है, जो एक अन्य होटल में कार्यरत बताया गया है। आरोप है कि डेटा चोरी की पूरी साजिश में उसने फरीद का सहयोग किया। शिकायत के मुताबिक नौकरी छोड़ने के बाद फरीद का इंटरव्यू कराने और उसकी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने में भी साजिद की भूमिका रही।
फाइव स्टार होटल से ग्राहकों के गोपनीय डेटा चोरी होने की सूचना सामने आने के बाद होटल प्रबंधन और कर्मचारियों में खलबली मच गई। मामला डिजिटल सुरक्षा और डेटा प्रोटेक्शन से जुड़ा होने के कारण गंभीर माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किया गया डेटा कहां और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया।
बारादरी थाना पुलिस ने एचआर पवन जोशी की तहरीर पर फरीद खान और मो. साजिद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। होटल प्रबंधन ने दावा किया है कि इस घटना से उसे आर्थिक, व्यावसायिक और प्रतिष्ठात्मक नुकसान हुआ है।
Published on: 30 May 2026 02:50 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।