
बरेली। भोजीपुरा के धौंराटांडा में गुरुवार देर रात राइस मिलर के घर हुई डकैती का पुलिस ने रविवार रात जवाब दे दिया। जिस गैंग ने तमंचों के दम पर परिवार को बंधक बनाकर 8.32 लाख रुपये नकद और छह तोला जेवर लूटे थे, वही बदमाश मुठभेड़ में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जवाबी फायरिंग की इसमें अकरम अली और आसिफ के पैर में गोली लगी। मौके से साहिल और शाहिद को भी दबोच लिया गया।
धौंराटांडा निवासी मोहम्मद रिहान के घर में रात करीब दो बजे तीन बदमाश चैनल काटकर घुस आए थे। अकील अहमद को दबोचकर हाथ बांध दिए गए, रिहान और उनके भाई पर तमंचा तान दिया गया। जान से मारने की धमकी देकर अलमारियां खंगाली गईं और लाखों की नकदी व जेवर समेट लिए गए। भागते वक्त एक बदमाश छत से कूदकर घायल हो गया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया था।
डकैती के बाद से पुलिस गैंग की तलाश में जुटी थी। रविवार देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की गई तो बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। चारों को दबोच लिया गया। पुलिस जांच में साफ हुआ कि पकड़े गए आरोपी वही हैं, जिन्होंने गुरुवार रात धौंराटांडा में डकैती की थी। इनके कब्जे से नकदी, अवैध तमंचे और वाहन बरामद हुए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य से पूछताछ जारी है।
डकैती से दहशत में आए इलाके के लोगों ने मुठभेड़ की खबर के बाद राहत की सांस ली है। पुलिस अब गैंग के बाकी कनेक्शन और संभावित साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। धौंराटांडा की गुरुवार वाली दहशत का जवाब रविवार की कार्रवाई ने दे दिया, अब सवाल है कि इस गैंग की जड़ें कितनी गहरी हैं और पुलिस कब तक पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करती है।
Published on:
16 Feb 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
