12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अचानक पहुंची निगम टीम… कोतवाली से कुतुबखाना तक मची अफरा-तफरी, हटाए ठेले-खोमचे, जुर्माना भी वसूला

स्वच्छ सर्वेक्षण की आहट मिलते ही नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ फिर सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने कोतवाली से लेकर कुतुबखाना तक अभियान चलाकर सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवा दिया।

2 min read
Google source verification

बरेली। स्वच्छ सर्वेक्षण की आहट मिलते ही नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ फिर सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने कोतवाली से लेकर कुतुबखाना तक अभियान चलाकर सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध किया और टीम से बहस भी हुई, लेकिन नगर निगम कर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटवा दिया। मौके पर जुर्माना भी वसूला गया।

कोतवाली से कुतुबखाना तक चला अभियान

नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम सुबह बाजार क्षेत्र में पहुंची और कोतवाली से लेकर कुतुबखाना तक सड़क किनारे फैले अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। टीम को देखते ही कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेट लिया, जबकि कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। निगम कर्मियों ने सड़क किनारे लगे अस्थायी ठेले और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाकर रास्ता खाली कराया।

स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले सफाई की कवायद

दरअसल जल्द ही शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम आने वाली है। टीम शहर की सफाई व्यवस्था के साथ बाजारों में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण का भी निरीक्षण करेगी। इसी को देखते हुए नगर निगम ने होली के बाद फिर से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। कोतवाली से कुतुबखाना तक का इलाका शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल है, जहां सड़क किनारे सामान रखने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।

नोकझोंक के बीच हटाया अतिक्रमण

अभियान के दौरान कई दुकानदारों और नगर निगम टीम के बीच नोकझोंक भी हुई। कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई, लेकिन टीम ने सख्ती बरतते हुए सड़क किनारे रखा सामान हटवा दिया। निगम कर्मियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर सामान रखने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

10 हजार रुपये का वसूला जुर्माना

कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने अतिक्रमण करने वालों से करीब 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम ने व्यापारियों से सड़क पर सामान न रखने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।