12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीबीगंज थाने पर अचानक पहुंचे एसपी सिटी, रिकॉर्ड से मालखाने तक खंगाला, लंबित मुकदमों पर दिया अल्टीमेटम

शहर में कानून-व्यवस्था को चुस्त रखने के लिए पुलिस अफसर लगातार थानों की कार्यप्रणाली पर नजर रख रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एसपी सिटी मानुष पारीक अचानक सीबीगंज थाने पहुंच गए।

2 min read
Google source verification

बरेली। शहर में कानून-व्यवस्था को चुस्त रखने के लिए पुलिस अफसर लगातार थानों की कार्यप्रणाली पर नजर रख रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एसपी सिटी मानुष पारीक अचानक सीबीगंज थाने पहुंच गए। वार्षिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर से लेकर अभिलेख, मालखाना और जनसुनवाई व्यवस्था तक हर व्यवस्था को बारीकी से परखा और कई जगह सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने थाना परिसर का पूरा भ्रमण किया। उन्होंने अभिलेख कक्ष, कार्यालय रिकॉर्ड, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, कंप्यूटर रूम और भोजनालय की व्यवस्थाओं को देखा। रिकॉर्ड के रखरखाव और मालखाने के प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन और व्यवस्थित रहें, ताकि किसी भी समय जांच में दिक्कत न आए।

लंबित मुकदमों और वारंट की स्थिति पर भी नजर

एसपी सिटी ने थाने में दर्ज मुकदमों की विवेचना की गुणवत्ता, लंबित विवेचनाओं की स्थिति और वारंट-समन की तामीली की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि लंबित मामलों को जल्द निपटाया जाए और विवेचना में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

जनसुनवाई पोर्टल और सीसीटीएनएस की भी हुई पड़ताल

निरीक्षण के दौरान जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी देखी गई। साथ ही सीसीटीएनएस सिस्टम में दर्ज हो रहे डाटा की गति और शुद्धता को लेकर भी सवाल-जवाब हुए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल को और सक्रिय बनाने के निर्देश

थाने में बने महिला शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क और बीट प्रणाली की कार्यप्रणाली भी एसपी सिटी ने जांची। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और बीट व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

अपराधियों पर कड़ी नजर, रात की गश्त बढ़ाने के आदेश

निरीक्षण के अंत में एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि क्षेत्र में अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग हो तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।