
बरेली। बारादरी पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुये सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से15 वर्षीय किशोरी को भी बरामद किया गया है। गिरोह नाबालिग लड़कियों को खरीदकर उन्हें शहर के कई होटलों में ग्राहकों के पास भेजता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड और तीन मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पीड़िता वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र की रहने वाली है। जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में घरवालों की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। वाराणसी रेलवे जंक्शन पर उसकी मुलाकात रिया नाम की महिला से हुई, जिसने उसे अपने पास रखा और बाद में बरेली लाकर गिरोह की सरगना बबली खान उर्फ नेहा यादव को बेच दिया। इसके बाद बबली और उसके साथियों ने किशोरी को देह व्यापार के जाल में फंसा दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि चनेहटी, लाल फाटक के पास रहने वाली बबली और उसकी सहयोगी जसलीन कौर सेक्स रैकेट संचालित करती थीं। गिरोह के संपर्क शहर के कई होटलों तक फैले हुए थे। पुलिस के अनुसार भू माफिया के होटल समेत चार होटलों में ग्राहकों को बुलाया जाता था। किशोरी को उनके पास भेजा जाता था। आरोपी उसे अपने घर में बंद रखते थे और बाद में स्कूटी से होटल तक पहुंचाते थे, ताकि वह भाग न सके।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कई बार इस नरक से निकलने का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन गिरोह के लोग लगातार निगरानी रखते थे। आरोपी उसके आसपास रहते थे और हर गतिविधि पर नजर रखते थे, जिससे वह भाग नहीं पाती थी। इस दौरान उससे लगातार शारीरिक शोषण कराया जाता रहा।
गिरोह ने पुलिस जांच से बचने के लिए पीड़िता के दस्तावेजों में भी हेरफेर किया। आरोपियों ने जन सेवा केंद्र संचालक से मिलकर आधार कार्ड में जन्मतिथि बदल दी। असली जन्म वर्ष 2011 की जगह 2007 दर्ज कराया गया, ताकि किशोरी को बालिग दिखाकर होटल में कमरा लिया जा सके और ग्राहकों के सामने पेश किया जा सके।
13 मार्च 2026 की देर रात किशोरी किसी तरह होटल से टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर बाहर निकली और सीधे थाना बारादरी पहुंच गई। डरी-सहमी हालत में उसने पुलिस को पूरे रैकेट की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का बयान दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय बबली पत्नी खलील खान निवासी चनेहटी थाना कैंट, 29 वर्षीय विनोद यादव पुत्र रूम सिंह निवासी कुइयांखेड़ा थाना फरीदपुर, 36 वर्षीय जसलीन कौर पत्नी स्व अमरजीत सिंह निवासी कल्लू वाला थाना अफजलगढ़ जिला बिजनौर और 34 वर्षीय दुर्गालावती पुत्री अग्नी बहादुर लावती निवासी नेपाल के याशोका जिला पांचथर कुमायत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई के दौरान बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे, दरोगा ब्रह्मपाल सिंह, महावीर सिंह, रितु राठी, हेड कांस्टेबल चेतन सिंह, बृजेश सिंह और गुलशन शामिल रहीं।
Updated on:
14 Mar 2026 07:25 pm
Published on:
14 Mar 2026 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
