
पीलीभीत। पीलीभीत–पूरनपुर मार्ग पर मौत बनकर छुट्टा पशु सड़क पर आ गया। थाना गजरौला क्षेत्र में कोहरे के बीच अचानक सामने आए पशु को बचाने की कोशिश में ट्रक और भारत-नेपाल मैत्री सेवा की बस आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया और बस सड़क किनारे जाकर उलट गई। हादसे में 11 साल के मासूम सुभान की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए।
सोमवार देर रात करीब दो बजे जरा चौकी क्षेत्र के सकरिया तिराहे के पास पीलीभीत की ओर से जा रहा ट्रक अचानक सामने आए छुट्टा पशु से बचने के लिए मुड़ा। उसी वक्त पूरनपुर की ओर से आ रही नेपाल-भारत मैत्री बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। पल भर में सड़क पर चीख-पुकार मच गई और दोनों वाहन पलट गए।
टक्कर के बाद बस सड़क किनारे उलट गई, जबकि ट्रक बीच सड़क पर ही पलट गया। यात्रियों और चालक-परिचालक में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग सीटों और सामान के नीचे दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पूरनपुर भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल नेपाल निवासी 11 वर्षीय सुभान पुत्र सूरज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
बस में सवार सभी यात्री नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो मजदूरी करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। एक झटके में उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। एक बार फिर सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशुओं ने जान ले ली। सवाल यह है कि आखिर कब प्रशासन इन जानलेवा पशुओं पर लगाम लगाएगा? हर हादसे के बाद चेतावनी और हर बार एक नई मौत—यही बन गई है सड़कों की सच्चाई।
संबंधित विषय:
Updated on:
10 Feb 2026 01:06 pm
Published on:
10 Feb 2026 01:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
