
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के एजाज नगर गोटिया में शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे रफ्तार ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा इलाका दहल उठा। एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार अचानक बेकाबू हुई और सड़क किनारे जा रहे तीन लोगों को बेरहमी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोग संभल भी नहीं पाए और कार सीधे आगे बढ़ती चली गई।
रफ्तार के नशे में चूर कार यहीं नहीं रुकी। तीनों को रौंदने के बाद वह अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। धमाके जैसी आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। दीवार का मलबा बिखर गया और कार मकान के भीतर फंसी नजर आई। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह कार तेज रफ्तार में आती है और कुछ ही सेकंड में तीन जिंदगियों को चपेट में ले लेती है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को कार के पास से उठाकर बाहर निकाला। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने अपने स्तर पर घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और चालक की पहचान की जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
संबंधित विषय:
Published on:
06 Feb 2026 08:01 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
