7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बांसवाड़ा बस हादसा : मृतकों के परिजनों को मिलेगा 5-5 लाख मुआवजा, मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने घायलों का जाना हाल

बासवाड़ा जिले में बीते दिन हुए भीषण बस हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल 48 घायल अस्पताल पहुंचे थे, जिसमें से 42 घायलों का अभी इलाज चल रहा है। मंत्री बाबूलाल खराड़ी शनिवार को घायलों से मिलने पहुंचे।

2 min read
Google source verification
Banswara Bus Accident

घायलों की हालत देखते मंत्री बाबूलाल खराड़ी (फोटो-पत्रिका)

बांसवाड़ा। बारीगामा-घोटीया आंबा मार्ग पर बारातियों से भरी बस हादसे के बाद जहां स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग रात में ही हरकत में आ गया था। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वार्डों में जाकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी और चिकित्सकों को समुचित इलाज के निर्देश दिए।

मंत्री दोपहर करीब 12.30 बजे एमजी अस्पताल पहुंचे, करीब आधा घंटे तक अस्पताल में ही रहे। उन्होंने तीसरी मंजिल से लेकर नीचे के वार्डों में भर्ती सभी मरीजों से एक-एक कर मुलाकात की। साथ ही कार्यवाहक पीएमओ योगश जोशी से भर्ती मरीजों की स्थिति के बारे में जाना। मंत्री ने जिला कलक्टर से मृतकों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने को कहा।

पांच-पांच लाख रुपए की मिलेगी सहायता

जिला कलक्टर ने बताया कि सभी मृतकों को सरकारी नियमानुसार पांच-पांच लाख रुपए की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईडा, जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौजूद रहे।

कुल 4 लोगों की हो चुकी है मौत

एमजी अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ व चिकित्सक डॉ. योगेश जोशी ने बताया कि दुर्घटना के बाद 48 मरीज इलाज के लिए एमजी अस्पताल पहुंचे थे। इनमें इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बारातियों की मौके पर ही जान चली गई थी। चिकित्सकीय आंकड़ों के अनुसार घायलों में 18 महिलाएं, 21 पुरुष और 9 बच्चे शामिल हैं।

6 मरीज किए डिस्चार्ज

शनिवार को इलाज के बाद मामूली चोट और स्वास्थ्य में सुधार होने पर 6 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी देते हुए घर भेज दिया गया। वहीं भर्ती मरीजों में 14 के सिर में चोट आने से गंभीर हालत में थे। शनिवार को इन सभी का सिटी स्कैन कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है। शेष मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

मृतकों के परिजनों से नहीं मिले मंत्री

इस दौरान मंत्री सभी घायलों से तो मिले, लेकिन मृतकों के परिजनों से नहीं मिलना चर्चा का विषय बना रहा। अस्पताल में मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि मंत्री को मृतक परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी। वहीं हादसे में मृत लोगों के शव सुबह 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।