Hina Khan On Shilpa Shinde: 'भाभी जी घर पर हैं' फेम शिल्पा शिंदे ने उस समय हर किसी को हैरान कर दिया, जब उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रोड्यूसर पर झूठे हैरेसमेंट के आरोप लगाए थे, जिसके बाद हिना खान खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने इस मामले पर शिल्पा शिंदे को लताड़ लगाई। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताया।
Shilpa Shinde fake sexual harassment case Bhabhi Ji Ghar Par Hain: टेलीविजन इंडस्ट्री की दो सबसे बड़ी अभिनेत्रियां, शिल्पा शिंदेऔर हिना खान एक बार फिर आमने-सामने आ गई हैं। 'भाभी जी घर पर हैं' फेम एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने हाल में एक चौंकाने वाला खुलासा किया था, जिसने पूरी इंडस्ट्री में एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। शिल्पा शिंदे ने यह कबूल किया है कि उन्होंने सालों पहले शो के प्रोड्यूसर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट यानी यौन उत्पीड़न का जो केस दर्ज कराया था, वह पूरी तरह से झूठा था। शिल्पा के इस यू-टर्न पर 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम एक्ट्रेस हिना खान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। हिना खान ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर शिल्पा शिंदे को आड़े हाथों लिया है।
हिना खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर करते हुए इस गंभीर मुद्दे पर अपनी भड़ास निकाली। हिना ने लिखा, "आमतौर पर मैं उन मामलों से दूरी बनाकर रखती हूं जिनसे मेरा सीधा लेना-देना नहीं होता, लेकिन इस बात पर चुप्पी साधना अब नामुमकिन है। किसी विवाद को जीतने या अपना निजी फायदा उठाने के लिए अपने जेंडर का इस्तेमाल करके किसी निर्दोष व्यक्ति की छवि को इस तरह बर्बाद करना बेहद शर्मनाक और दुखद है।"
हिना ने साफ किया कि वह उन महिलाओं के साथ हमेशा खड़ी हैं जो वाकई इस दर्द से गुजरती हैं और इंसाफ मांगती हैं। लेकिन, जब उन्हें पता चला कि शिल्पा ने सिर्फ अपनी बात मनवाने के लिए झूठे आरोप लगाए थे, तो वह पूरी तरह से सन्न रह गईं। हिना ने आगे कहा, "मैं यहां उस असली पीड़ित प्रोड्यूसर के बारे में बात करना चाहती हूं, जो एक बेहद इज्जतदार आदमी हैं। उनकी एक पत्नी है, बेटी है और परिवार में कई अन्य महिलाएं हैं, जिन्हें इस झूठे आरोप के कारण समाज में कितनी जिल्लत झेलनी पड़ी होगी।"
शिल्पा शिंदे ने 'भाभी जी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर ये गंभीर आरोप लगाए थे। हिना ने संजय कोहली का बचाव करते हुए उन्हें एक बेहद मेहनती और सम्मानित प्रोड्यूसर बताया। हिना ने हैरानी जताते हुए कहा कि जिस इंसान पर इतने गंभीर आरोप लगे, उसी प्रोड्यूसर ने बाद में उसी एक्ट्रेस को एक और शो दिया, एक और पहचान दी और नया लॉन्चपैड दिया।
हिना ने तीखा तंज कसते हुए लिखा, "क्या होगा अगर वही एक्ट्रेस कल को फिर से वही पुरानी बात दोहरा दे? आखिर उस एक्ट्रेस को उसी आदमी ने दोबारा काम दिया है जिस पर उसने कभी झूठा कीचड़ उछाला था। मैं यह सब देखकर पूरी तरह हैरान हूं, क्योंकि असल में मजाक तो हम सभी का और इस पूरी इंडस्ट्री का बन रहा है।"
बता दें, हिना खान और शिल्पा शिंदे का यह टकराव कोई नया नहीं है। दोनों साल 2017 में टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो 'बिग बॉस 11' (Bigg Boss 11) का हिस्सा रह चुकी हैं। उस सीजन के ग्रैंड फिनाले में हिना और शिल्पा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी, जहां शिल्पा शिंदे ने ट्रॉफी अपने नाम की थी और हिना खान फर्स्ट रनर-अप रही थीं। शो के बाद से ही दोनों के बीच कोल्ड-वॉर चलता आ रहा था, जो अब शिल्पा के इस कबूलनामे के बाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है।