मुंबई, Jun 04, 2026

शिल्पा शिंदे ने ट्रोलिंग पर दिया जवाब
Shilpa Shinde React On trolling on fake harassment case: 'भाभी जी घर पर हैं' सीरियल में 'अंगूरी भाभी' का मशहूर किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे इन दिनों एक बहुत बड़े विवाद में फंसी हुई हैं। शिल्पा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया, जिसने पूरी टीवी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया। शिल्पा ने सरेआम कबूल किया कि सालों पहले उन्होंने शो के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर जो सेक्शुअल हैरेसमेंट यानी यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था, वह पूरी तरह से झूठा और मनगढ़ंत था। जैसे ही शिल्पा ने इस बात को कबूल किया, सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। अब शिल्पा शिंदे ने इस भारी आलोचना और ट्रोलिंग पर पलटवार करते हुए एक नया वीडियो जारी किया है।
शिल्पा शिंदे ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए लोगों ने खरीखोटी सुनाई और अपनी सफाई दी। सात ही उन्होंने बताया कि इतने सालों बाद यह सच उन्होंने क्यों बोला। शिल्पा ने कहा, "भारती और हर्ष के पॉडकास्ट के बाद मेरे खिलाफ एक पूरी पीआर (PR) टीम काम कर रही है। मुझे पता था कि सच बोलने पर लोगों की प्रतिक्रियाएं बहुत तीखी होंगी, क्योंकि लोग सच की सराहना करने के बजाय उस पर सवाल उठाना ज्यादा आसान समझते हैं। सच तो यह है कि मैं इतने सालों से एक झूठ का बोझ अपने दिल पर ढो रही थी और मैं अब इस झूठ के साथ और ज्यादा नहीं जी सकती थी। किसी ने मुझे सच बोलने के लिए मजबूर नहीं किया, यह मेरा अपना फैसला था।"
शिल्पा ने आगे कहा कि कुछ लोग बिना पूरी सच्चाई जाने उनकी निजी जिंदगी पर कमेंट कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि मैंने शादी नहीं की और अब इस खुलासे के बाद मुझसे कौन शादी करेगा? शिल्पा ने ऐसे लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें दूसरों के बजाय अपने खुद के जीवन पर ध्यान देना चाहिए।
शिल्पा शिंदे ने उस दौर की अपनी मानसिक प्रताड़ना को बयां करते हुए कहा कि जब उन्हें रातों-रात 'भाभी जी घर पर हैं' शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था, तब वे बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। शिल्पा ने भावुक होते हुए कहा, "उस समय मुझ पर कई तरह के झूठे आरोप लगाए जा रहे थे और मैं अकेले उस दर्द से जूझ रही थी। मेरी मानसिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि मेरे मन में खुदकुशी (आत्महत्या) करने के विचार आने लगे थे। उस कठिन परिस्थिति में मुझे लगा कि मेरे पास अपनी बात मनवाने का और कोई रास्ता नहीं बचा है, इसलिए मैंने सारा दोष प्रोड्यूसर पर मढ़ दिया।"
शिल्पा ने वीडियो में आगे कहा, "मैं जानती हूं कि मैंने गलत किया। मुझे उस व्यक्ति (संजय कोहली) से माफी मांगनी चाहिए, हालांकि मुझे लगता है कि 'माफी' शब्द मेरी इन गहरी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए बहुत छोटा है। वह प्रोड्यूसर भी उन हालातों को अच्छी तरह समझता है जिनसे मैं उस वक्त गुजर रही थी। मैंने यह सब किसी पैसे या काम के लालच में नहीं किया था।"
'बिग बॉस 11' की विजेता रह चुकी शिल्पा शिंदे ने साफ किया कि जब वे मुसीबत में थीं, तब पूरी इंडस्ट्री में से कोई भी उनके समर्थन में आगे नहीं आया था। उन्होंने कहा, "आज भी लोग सोशल मीडिया पर मेरा मजाक उड़ाते हैं और गालियां देते हैं, लेकिन जब आपको अंदर से पता होता है कि आप अब ईमानदार हैं, तो आप किसी के डर में नहीं जीते। उस बुरे दौर में कोई मेरे साथ नहीं खड़ा था, इसलिए आज भी मुझे किसी के सपोर्ट की उम्मीद नहीं है। इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं जो निर्माताओं को जानबूझकर निशाना बनाते हैं और फिर भी सालों तक काम करते रहते हैं, लेकिन हम जैसे कलाकार मूर्ख हैं क्योंकि हम ईमानदारी से जीना चाहते हैं। मुझे अब किसी की परवाह नहीं है कि कोई मेरे बारे में क्या सोचता है।"
Published on: 04 Jun 2026 12:11 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।