Highest Paid Indian Actor Allu Arjun: अल्लू अर्जुन ने एक ही फिल्म से करीब 300 करोड़ रुपये कमाकर भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 'पुष्पा 2' की सफलता के बाद उन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, प्रभास, विजय और रजनीकांत जैसे सुपरस्टार्स को भी पीछे छोड़ दिया।
Highest Paid Indian Actor Allu Arjun: 90 का दशक एक ऐसा दशक था, जिसमें हिंदी सिनेमा में कई बदलाव आए। इन बदलावों में फिल्मों के बजट, गाने, कहानी और नए-नए एक्सपेरिमेंट शामिल हैं। इसी दशक में साउथ सिनेमा के सुपरस्टार चिरंजीवी एक फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपये फीस लेने वाले पहले भारतीय अभिनेता भी बने थे। यही वो दौर था जब से भारतीय सुपरस्टार्स की फीस ने दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स का ध्यान खींचा है। उसके बाद लगभग तीन दशकों में, सबसे ज़्यादा फीस लेने वाले भारतीय एक्टर्स की लिस्ट में बॉलीवुड सुपरस्टार्स शाहरुख खान और सलमान खान जैसे स्टार्स का दबदबा रहा है। मगर बीते कुछ सालों में साउथ सिनेमा की पैन-इंडिया फिल्मों के बढ़ने से अब इस रेस में तेलुगु और तमिल स्टार्स के नाम भी शामिल हो गए हैं। जिनमें से एक आज दुनिया में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले इंडियन एक्टर हैं।
साल 2024 में आई तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के लीड एक्टर अल्लू अर्जुन ने एक फिल्म के लिए किसी इंडियन एक्टर द्वारा सबसे ज्यादा फीस लेने का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि अल्लू अर्जुन ने साल 2021 में रिलीज हुई 'पुष्पा' के इस सीक्वल के लिए तय फीस के साथ-साथ मुनाफे में भी हिस्सा लिया। फीस के इसी मॉडल की वजह से अल्लू अर्जुन कमाई के मामले में कई बड़े और सीनियर सुपरस्टार्स से आगे निकल गए। 'पुष्पा 2' ने दुनिया भर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमाया। और इस मुनाफे में से अल्लू अर्जुन को एक बड़ा हिस्सा मिला। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार फिल्म के लिए उनकी फीस के अलावा उनकी कुल कमाई 300 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है। दिलचस्प बात ये है कि अल्लू अर्जुन की कमाई का ये आंकड़ा अधिकतर भारतीय फिल्मों के बजट से ज्यादा है। जैसे कि प्रभास और राणा दग्गुबाती की 'बाहुबली 2' का कुल बजट 250 करोड़ रुपये से कम ही था ।
अगर बॉलीवुड की बात करें तो 90 के दशक से ही शाहरुख़ खान, आमिर खान और सलमान खान ने धीरे-धीरे अपनी फीस बढ़ाई और कई सालों तक इंडियन सिनेमा के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्ट्रेस में शामिल रहे। वहीं, जहां 2010 में आमिर खान ने फीस के मामले में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया, वहीं साल 2023 में शाहरुख खान ने 'पठान' और 'जवान' से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए। जिसके बाद 2024 में साउथ सुपरस्टार थलाइवा उर्फ़ रजनीकांत ने 'जेलर' के लिए 250 करोड़ रुपये से ज्यादा फीस ली। मगर अब अल्लू अर्जुन ने इन सबको फीस की इस रेस में बहुत पीछे छोड़ दिया है।
जानकारी के लिए बता दें कि अल्लू अर्जुन 2021 से 2025 तक सिर्फ पुष्पा फ्रेंचाइज में ही नजर आये हैं। हालांकि, पुष्पा की जबरदस्त सफलता के बाद अब उनकी फिल्म राका है। जिसका निर्देशन शाहरुख़ खान की जवान फिल्म के डायरेक्टर एटली ने किया है। अल्लू अर्जुन के साथ इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म में दीपिका पादुकोण भी लीड रोल में नजर आएंगी। ये फिल्म अगले साल यानी 2027 में दिसंबर में रिलीज होने वाली है।