Salim Kumar Death: नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता सलीम कुमार का 56 साल की उम्र में निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, डॉक्टर्स की टीम उनकी जांच कर रही थी, उन्हें वेंटिलेटर में रखा गया था। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी एक्टर को बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से इंडस्ट्री में मातम छा गया है।
Actor Salim Kumar passes away: साउथ फिल्म इंडस्ट्री और खासकर मलयालम सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले मशहूर अभिनेता सलीम कुमार (Salim Kumar) का निधन हो गया है। उनका 56 साल की उम्र में दुनिया से चले जाना मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़े झटके जैसा है।
सलीम कुमार पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। शनिवार को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी, आनन-फानन में कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
सलीम कुमार को मलयालम सिनेमा में 'कॉमेडी का किंग' माना जाता था। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसी ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फिल्मों में काम किया। उनके बोले गए मजेदार डायलॉग्स आज भी सोशल मीडिया मीम्स का हिस्सा बने रहते हैं। सलीम कुमार ने फिल्मों में कदम रखने से पहले लंबे समय तक थिएटर और मिमिक्री आर्टिस्ट के रूप में काम किया था। इसके बाद साल 1997 में उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की।
उनकी 'सी.आई.डी. मूसा' (C.I.D. Moosa) और 'पुलीवल कल्याणाम' (Pulival Kalyanam) जैसी फिल्में कल्ट कॉमेडी मानी जाती हैं। यूट्यूब, टीवी और हिंदी डबिंग के जरिए उनकी इन फिल्मों को उत्तर भारत के दर्शकों ने भी भरपूर प्यार दिया। हालांकि, वह सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रहे, फिल्म 'अचनुरंगथा वीडू' में उन्होंने एक संजीदा किरदार निभाकर सबको हैरान कर दिया था।
साल 2010 में आई फिल्म ‘अदामिन्ते मकन अबू’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई थी। इस फिल्म में उनके शानदार और बेमिसाल अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला था। इसके अलावा वह चार बार केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड से भी नवाजे जा चुके थे। एक्टिंग में लोहा मनवाने के बाद सलीम कुमार ने डायरेक्शन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने ‘करुथा जूथन’ और ‘दैवमे कैथोजहम के. कुमार अकानम’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।
सलीम कुमार राजनीति में भी काफी मुखर थे। वह कांग्रेस पार्टी के कट्टर और बेहद वफादार समर्थक माने जाते थे। अपनी गिरती सेहत के बावजूद उन्होंने पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) गठबंधन के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से प्रचार किया था। वह कई बार सार्वजनिक मंचों पर एलडीएफ (LDF) सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना करने के लिए भी जाने जाते थे। उनके निधन पर सिनेमा जगत के दिग्गजों और राजनीतिक नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।