YouTuber Rachan Gurjer: दो दिन पहले जेवरातों के साथ यू-ट्यूबर ने बनाया वीडियो, अज्ञात चोरों ने घर से चुराए लाखों के जेवरात...।
Shivpuri YouTuber House Theft: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक महिला यू-ट्यूबर को सोने-चांदी के जेवरात दिखाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। लाइक और सब्सक्राइब के चक्कर में बनाया गया वीडियो चोरों ने देख लिया और दो दिन बाद ही यू-ट्यूबर के घर धावा बोल दिया। चोर महिला यू-ट्यूबर के घर से करीब दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवपुरी जिले के नरवर थाना अंतर्गत मोहानी ख्यावदा गांव की रहने वाली रचना गुर्जर एक चर्चित यू-ट्यूबर हैं। बीती रात रचना गुर्जर के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर देर रात घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग काटकर मकान के अंदर घुसे और उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। उस समय वह अपने पति ऊदल सिंह गुर्जर के साथ सो रही थीं। इसके बाद चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख भी ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे चोरी की घटना रिकॉर्ड न हो सके। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को ऊपर की तरफ करने के बाद घर में रखी अलमारियों के तालों को तोड़ा और करीब 1 लाख 91 हजार रुपए नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, चांदी की करधौनी तथा करीब 8 हजार रुपए कीमत की रेडबुल सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी चोरी कर ले गए। चोरी गए माल कीमत की कीमत करीब 7 लाख रुपए है।
शनिवार सुबह करीब 4 बजे रचना पानी पीने के लिए उठीं तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। रचना ने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया और दरवाजा खुलने के बाद देखा तो कमरे में अलमारी के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से नकदी एवं जेवरात गायब थे। इसके बाद तुरंत परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बता दें कि रचना गुर्जर ने दो दिन पहले अपने यू-ट्यूब चैनल के लिए एक वीडियो बनाया था, इस वीडियो में रचना गुर्जर सोने-चांदी के कई जेवर रखे हुए थीं और बता रहीं थी कि ये जेवरात उन्हें शादी के वक्त उनके ससुराल वालों ने दिए थे। आशंका जताई जा रही है कि ये वीडियो बनाना रचना गुर्जर को महंगा पड़ा है और चोरों ने वीडियो देखने के बाद ही उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।