शिवपुरी, Jun 05, 2026

17 Year Old Minor Girl Attack Accused Arrested After Brutal Assault
Shivpuri Crime News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के भौंती में खोड चौकी अंतर्गत आने वाले एक गांव में शुक्रवार सुबह एक सनकी युवक ने कथित एकतरफा प्यार के फेर में एक नाबालिग के साथ क्रूरता की सभी हदें पार कर दी। युवक ने पहले नाबालिग के साथ जमकर मारपीट करते हुए उस पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मरणासन्न कर दिया। इतने से भी युवक का मन नहीं भरा तो उसने किशोरी को फंदे से लटकाकर मकान की छत से नीचे फेंक दिया। नाबालिग को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी युवक का नाम धर्मेन्द्र सिंह परिहार है, बताया गया है कि आरोपी के परिवार की नाबालिग के परिवार से पुरानी रंजिश है। आरोपी नाबालिग से एकतरफा प्रेम करता है और करीब 15 दिन पहले भी उसने नाबालिग को रास्ते में रोककर उससे छेड़छाड़ की थी। जब ये बात नाबालिग युवती के परिजनों को पता चली तो दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था और मामला गांव की पंचायत तक पहुंचा। लेकिन पंचायत में मामला सुलझा लिया गया और ये तय हुआ कि धर्मेन्द्र भविष्य में नाबालिग युवती को दोबारा परेशान नहीं करेगा।
शुक्रवार को सुबह नाबालिग घर में अकेली थी, बताया गया है कि तभी आरोपी धर्मेन्द्र घर में घुस गया और नाबालिग युवती के साथ पहले तो मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। जान बचाने के लिए जब नाबालिग छत पर भागी तो आरोपी उसके पीछे वहां भी पहुंच गया और गले में रस्सी का फंदा डालकर नाबालिग को छत से लटकाकर नीचे फेंक दिया। नाबालिग को छत से नीचे फेंकने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर घटना का पता चलते ही परिजन व ग्रामीण नाबालिग को गंभीर हालत में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। लोगों ने करीब 5 घंटे तक रोड जाम कर विरोध किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया और जाम खुलवाया। पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र सिंह व उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धर्मेन्द्र सिंह परिहार, उसके पिता अजब सिंह परिहार सहित 5 लोगों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एसपी संजीव मुले ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। मुख्य आरोपी सहित 5 लोगों पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Published on: 05 Jun 2026 07:17 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।