# शामली

बकरीद में बिजली गुल: शामली में फाल्ट ठीक करके वापस आ रहे बिजली विभाग के JE की पिटाई, जिला अस्पताल रेफर

Shamli JE of Electricity Department Beaten up: शामली में रात भर बिजली न आने से नाराज स्थानीय ने अवर अभियंता (Junior Engineer) की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेई को छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया है।

2 min read
जेई की पिटाई करते ग्रामीण (फोटो सोर्स- 'X' वीडियो ग्रैब)

Shamli Kairana JE of Electricity Department Beaten Up: शामली में बकरीद की रात बिजली न आने से ग्रामीण परेशान हो गए। उन्होंने बिजली विभाग को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सुबह के समय 'जेई' अपनी टीम के साथ ट्रांसफार्मर में फॉल्ट को दूर कर वापस आ रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने रोक लिया और विवाद करने लगे। कहने लगे कि रात में बिजली सही क्यों नहीं की गई?

जेई ने समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और उन्होंने जमकर पिटाई कर दी। लाइनमैन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जेई को भीड़ की चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।‌ प्राथमिक उपचार के बाद जेई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में रोष है। यह घटना कैराना थाना क्षेत्र की है।

ट्रांसफार्मर में आई थी खराबी

उत्तर प्रदेश के शामली के कैराना क्षेत्र अंतर्गत गोगवान गांव में बीती रात 100 एमवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिससे गांव की बिजली चली गई। गांव वालों ने पावर हाउस को फोन करके ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दी, लेकिन रात में बिजली सही नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली न आने के कारण उनकी बकरीद की तैयारी अधूरी रह गई।

वापसी पर ग्रामीणों ने रोक लिया

बिजली विभाग के अवर अभियंता (Junior Engineer) प्रेम सिंह अपनी टीम के साथ ट्रांसफार्मर ठीक करने पहुंचे। ठीक करने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे तो रास्ते में ग्रामीणों ने जेई को घेर लिया। इस संबंध में प्रेम सिंह ने बताया कि गांव के ही अजमत मंसूरी, शौकत और महिलाओं ने उन्हें रोक लिया। उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

लाइनमैन साबिर ने दी घटना की जानकारी

लाइनमैन साबिर ने बताया कि घटना के समय वह जेई के साथ लौट रहा था। रास्ते में शौकत सहित अन्य ग्रामीणों ने जबरदस्ती मोटरसाइकिल को रुकवा लिया और जेई की पिटाई कर दी। लाइनमैन ने लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कैराना थाना पुलिस ने जेई को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर के अनुसार जेई को अंदरूनी चोट आई है। इधर कैराना थाना पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।