# रीवा

केदारनाथ यात्रा में रीवा के बुजुर्ग दंपति लापता, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Kedarnath Yatra: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के निवासी दंपती पहले सभी यात्रियों के साथ चल रहे थे। कुछ देर बाद अचानक खराब मौसम के कारण दोनों ने रास्ता बदल दिया जिस कारण वह भटक गए।

2 min read
Elderly couple from rewa missing during Kedarnath Yatra (फोटो- Patrika.com)

Kedarnath Yatra: मध्य प्रदेश के लिए केदारनाथ से बड़ी खबर सामने आई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रीवा जिले के एक दंपती के लापता होने का मामला सामने आया है। दंपती के बारे में कोई जानकारी न मिलने के बाद रुद्रप्रयाग प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग ने खोज अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अखिलेश तिवारी (60) और उनकी पत्नी सत्यवती तिवारी (60) 27 मई की सुबह लगभग 9 बजे केदारनाथ धाम से रवाना हुए थे, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

लापता दंपति

प्रशासन ने जारी किए अलर्ट

प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को दंपति की तलाश के लिए अलर्ट जारी किया है। दंपति के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग के नंबर 8958757335 पर संपर्क करने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त परिजनों के मोबाइल नंबर 6268631140, 9179487573 एवं 9755932920 पर भी सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उक्त दंपति कहीं दिखाई दें तो तुरंत सूचना देकर खोज अभियान में सहयोग करें। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं।

खराब मौसम के कारण बदला रास्ता

बताया जा रहा है दंपती पहले सभी यात्रियों के साथ चल रहे थे। कुछ देर बाद अचानक खराब मौसम के कारण दोनों ने रास्ता बदल दिया जिस कारण वह भटक गए। घटना के बाद साथियों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। उत्तराखडं की पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग दंपती की तलाश जारी है। पैदल मार्ग से गौरीकुंड क्षेत्र तक उनकी सघन खोजबीन की जा रही है।

यात्रा को शुरू हुए एक महीने पुरे

उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल को शुरू हुई है। यात्रा को शुरू हुए अब एक महीने से भी ज्यादा का समय बीत चुका है। यहां हर दिन लगभग 28 से 30 हजार श्रद्धालु रोज दर्शन कर रहे है। यह यात्रा नवंबर के महीने तक चलेगी।

एक महीने पहले MP के युवक पर हुई थी एफआईआर

बता दें कि, ठीक एक महीने पहले केदारनाथ में मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के रहने वाले के खिलाफ मामला दर्ज किया था। युवक ने केदारनाथ में पटाखे जलाकर धाम की पवित्रता भंग करने एवं आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा था। बताया जाता है कि सुमित नाम के युवक ने पटाखे फोड़ने का वीडियो सुमित के ब्लाग नामक इंस्टाग्राम आइडी पर शेयर किया था। वायरल वीडियो में युवक केदारनाथ मंदिर परिसर के सामने अपने दोस्तों के साथ पटाखे जलाकर जन्मदिन का जश्न मनाता दिखाई दे रहे थे।