# रायपुर

Bharat Bhagya Vidhata: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को रायपुर के गुमनाम नायकों की तलाश, मिलेगा राष्ट्रीय मंच, जानें क्यों?

Bharat Bhhagya Viddhaata Film: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म भारत भाग्य विधाता को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के लिए मेकर्स ने इस बार पारंपरिक प्रचार से हटकर एक ऐसी पहल शुरू की है...

2 min read
कंगना रनौत को रायपुर के गुमनाम नायकों की तलाश (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@ताबीर हुसैन। Bharat Bhagya Vidhata: फिल्मों के प्रमोशन के लिए आमतौर पर सितारे शहर-शहर जाकर प्रचार करते हैं, लेकिन बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का प्रचार कुछ अलग अंदाज में किया जा रहा है। फिल्म के प्रमोशन के लिए मेकर्स ने इस बार पारंपरिक प्रचार से हटकर एक ऐसी पहल शुरू की है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले गुमनाम नायकों को पहचान दिलाने का काम करेगी।

ऐसे लोगों की खोज की जा रही

भारत भाग्य विधाता अभियान के तहत देशभर के उन रियल लाइफ हीरोज को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बिना किसी चर्चा और प्रचार के अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन किए हैं। इस विशेष अभियान में रायपुर को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। अभियान के तहत रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से ऐसे लोगों की तलाश की जा रही है, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में प्रेरणादायी योगदान दिया है।

अभिनेत्री कंगना रनौत सम्मानित करेंगी

इस पहल की सबसे खास बात यह है कि चयनित नायकों को स्वयं अभिनेत्री कंगना रनौत सम्मानित करेंगी। साथ ही उनके संघर्ष, समर्पण और सफलता की यात्रा को व्यापक मंच मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि समाज में कई ऐसे लोग हैं जो बिना किसी चर्चा के चुपचाप बदलाव की नींव रख रहे हैं, लेकिन उनकी कहानियां अक्सर लोगों तक नहीं पहुंच पातीं। यह अभियान ऐसे ही असली नायकों को पहचान दिलाने का प्रयास है।

अपनी कहानी देश के सामने रखने और सम्मान पाने का अवसर मिलेगा

रायपुर में भी ऐसे कई लोग हैं जो वर्षों से समाज सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहे हैं। अब उन्हें अपनी कहानी देश के सामने रखने और सम्मान पाने का अवसर मिल सकता है।

फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के प्रमोशन से जुड़ी यह पहल इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि यह मनोरंजन और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। जहां एक ओर फिल्म चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर समाज के उन चेहरों को सामने लाने की कोशिश हो रही है जो वास्तव में बदलाव के वाहक हैं।

कब रिलीज होगी 'भारत भाग्य विधाता' (Bharat Bhhagya Viddhaata Release Date)

जानकारी के लिए बता दें मनोज तापड़िया के निर्देशन और उन्हीं के द्वारा लिखित 'भारत भाग्य विधाता' में कंगना रनौत लीड रोल में नजर आ रही हैं। इस फिल्म में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, प्रसाद ओक, ईशा डे, रसिका अगाशे समेत कई दूसरे कलाकार भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। बता दें कि सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म आने वाली 12 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।