# रायपुर

ISRO Internship: विज्ञान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ा मौका, इसरो, बार्क और डीआरडीओ में इंटर्नशिप का मौका

Chhattisgarh Students: देश की अन्य प्रमुख वैज्ञानिक संस्थाओं में प्रशिक्षण व इंटर्नशिप का अवसर भी प्राप्त होगा। इसके साथ ही विजेताओं को छात्रवृत्ति और वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन का लाभ भी मिलेगा।

2 min read
इसरो,बार्क और डीआरडीओ में इंटर्नशिप का मौका (Photo AI )

ISRO Internship: स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इसके जरिए छात्रों को भारत की समृद्ध वैज्ञानिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से चयनित छठवीं कक्षा से लेकर 11वीं तक के छात्रों को न केवल सम्मान मिलेगा, बल्कि उन्हें देश के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान इसरो और डीआरडीओ में इंटर्नशिप का मौका है।

ISRO Internship: 30 सितंबर तक कर सकते है आवेदन

प्रतियोगिता के राष्ट्रीय (हिमालयन) और आंचलिक (जोनल) विजेताओं को भारत के प्रमुख राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं और केंद्रों में 1 से 3 सप्ताह का प्रशिक्षण और सह इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा आईआईएसईआर आईआईटी और एनआईटी जैसे संस्थानों के भ्रमण और वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन का भी मौका मिलेगा। छत्तीसगढ़ राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने तकनीकी सहायता के लिए राज्य समन्वयकों की नियुक्ति की है। विद्यार्थी 30 सितंबर तक पंजीयन कर सकते है।

विजेताओं को 2 हजार छात्रवृत्ति

इस कार्यक्रम के तहत विजेता विद्यार्थियों को हर माह 2000 रुपए तक की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। यह छात्रवृत्ति एक वर्ष के लिए होगी और छात्र द्वारा किए गए विशेष प्रोजेक्ट या गतिविधि के मूल्यांकन के आधार पर तिमाही रूप से जारी की जाएगी। विद्यार्थी अधिकारिक वेबसाइट से पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विज्ञान मंथन की वेबसाइट देख सकते हैं।

वैज्ञानिक सोच विकसित करने की पहल

विद्यार्थी विज्ञान मंथन केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का राष्ट्रीय अभियान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के वैज्ञानिक इतिहास, उपलब्धियों और आधुनिक अनुसंधान संस्थानों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर, शोधकर्ता और नवाचारकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं तथा देश की वैज्ञानिक क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी

इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक विद्यार्थी विज्ञान मंथन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया, पंजीयन शुल्क, अध्ययन सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा सकती है। विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थानों तक पहुंच बनाने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।