# रायपुर

आग की लपटों में घिरी रायपुर की बिस्किट फैक्ट्री, करीब 5 करोड़ के सामान जलकर राख!

Bharti Foods Factory: रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित भारती फूड्स बिस्किट फैक्ट्री में देर रात भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

2 min read
रायपुर में धधकी बिस्किट फैक्ट्री (photo source- Patrika)

Biscuit Factory Fire: राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मेटल पार्क में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारती फूड्स नामक बिस्किट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री से धुएं का विशाल गुबार उठने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।

Biscuit Factory Fire: सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं दमकल और SDRF की टीमें

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। फैक्ट्री परिसर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास की अन्य इकाइयों तक फैलने से रोका। मौके पर उरला थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की टीम भी मौजूद रही।

समय रहते खाली कराई गई फैक्ट्री, टला बड़ा हादसा

घटना के दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री को खाली करा लिया गया। कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाके को भी एहतियातन खाली करा दिया था ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

मशीनरी, कच्चा माल और तैयार सामान जलकर खाक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से फैक्ट्री के भीतर रखी मशीनरी, कच्चा माल और तैयार बिस्किट का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री को करीब 4 से 5 करोड़ रुपए तक का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह शांत होने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।

Biscuit Factory Fire: आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी इंतजामों की भी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ी चिंता

उरला मेटल पार्क रायपुर का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां संचालित होती हैं। ऐसे में इस भीषण आग की घटना के बाद आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी चिंता का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच और फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत है, ताकि बड़े हादसों से बचा जा सके।