रायपुर, May 30, 2026

रायपुर ANTF में बड़ा फेरबदल (photo source- Patrika)
ANTF New Appointments: राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का पुनर्गठन करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों, यातायात शाखा और एसीसीयू से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नई पदस्थापना की है। इस संबंध में आदेश 29 मई 2026 को जारी किया गया। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पुनर्गठन से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई और अधिक प्रभावी होगी तथा शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 16 फरवरी 2026 को कार्यालयीन आदेश क्रमांक पुलिस कमिश्नर/राय/स्टेनो/19-ए/2026 के माध्यम से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया था। अब संगठनात्मक जरूरतों, कार्यक्षमता और बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए टीम में संशोधन करते हुए नए अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। पुलिस विभाग का उद्देश्य विशेष टीम को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक सुनील दास, उप निरीक्षक अतुलेश राय, प्रधान आरक्षक जयदेव सोम और जसवंत सोनी को एएनटीएफ में यथावत रखा गया है। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों और शाखाओं से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इनमें थाना खमतराई से आरक्षक प्रदीप यादव, यातायात शाखा से प्रदीप साहू, थाना सिविल लाइन से महेन्द्र वर्मा, थाना राजेंद्र नगर से अंकुश नंदा, थाना तेलीबांधा से सुमीत राणा और थाना खम्हारडीह से महेन्द्र पाल साहू को एएनटीएफ में पदस्थ किया गया है। वहीं एसीसीयू में पदस्थ आरक्षक राजकुमार देवांगन को भी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एएनटीएफ का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध ड्रग नेटवर्क और नशे से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। हाल के महीनों में रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है। इसके बाद विशेष टीम को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता महसूस की गई थी। पुलिस का कहना है कि नई टीम बेहतर समन्वय के साथ सूचना जुटाने, कार्रवाई करने और तस्करी नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष ध्यान देगी।
रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ड्रग्स का अवैध कारोबार सामाजिक और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसी को देखते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को तकनीकी और मानव संसाधन स्तर पर मजबूत किया जा रहा है, ताकि शहर में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जा सके।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर, सभी पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों और संबंधित थाना प्रभारियों को भेज दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रायपुर पुलिस का दावा है कि आने वाले समय में नशे के खिलाफ कार्रवाई और अधिक आक्रामक तरीके से की जाएगी।
Published on: 30 May 2026 03:18 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।