Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है।
रायपुर@ अजय रघुवंशी। Chhattisgarh Weather Update: प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग इलाकों में तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज अंधड़ और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है।
एक जून को राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। इसके साथ गरज-चमक, अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा के आसपास समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका सक्रिय है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ी है और बादल बनने की प्रक्रिया तेज हुई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में खड़े रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
स्टेशन-अधिकतम-न्यूनतम
माना एयरपोर्ट-40.3-24
बिलासपुर-38.0-23.0
पेड्रारोड-35.4-19.8
अंबिकापुर-35.1-19.2
जगदलपुर-36.3-21.6
राजनांदगांव- 42.0-22.0
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और 13 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मानसून प्रदेश में जगदलपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर मानसून रायपुर पहुंच सकता है, जबकि 20 जून तक पूरे प्रदेश में इसके सक्रिय होने के आसार हैं।