ChhattisgarhSports: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का आगाज 3 जून से होने जा रहा है, जिसमें प्रदेश के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
CCPL 2026: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) का तीसरा सीजन 3 जून से राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में राज्य की छह टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले दर्शकों के लिए नि:शुल्क होंगे।
टूर्नामेंट में रायपुर राइनोज, बिलासपुर बुल्स, राजनांदगांव पैंथर्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बाइसन और रायगढ़ लायंस की टीमें मैदान में उतरेंगी। लीग मुकाबले 3 से 10 जून तक खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल 12 जून और फाइनल मुकाबला 14 जून को होगा।
उद्घाटन मैच 3 जून को रात 9 बजे रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले शाम 7:30 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री मोनी रॉय विशेष प्रस्तुति देंगी।
सीसीपीएल-3 का सीधा प्रसारण सोनी टेन-3 चैनल पर किया जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगी। आयोजन समिति ने दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की भी घोषणा की है। उद्घाटन दिवस और फाइनल मैच में दर्शक टिकट के पीछे दिए गए कूपन के जरिए दोपहिया वाहन समेत कई नकद पुरस्कार जीत सकेंगे।
वहीं 4 जून से 12 जून तक लीग मैचों के दौरान प्रतिदिन 10-10 हजार रुपए के 10 पुरस्कार दिए जाएंगे। मैच के दौरान “कैच पकड़ो, कैश जीतो” प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें स्टैंड में कैच पकड़ने वाले दर्शक 10 हजार रुपए तक जीत सकेंगे। आयोजन समिति ने आसपास के क्षेत्रों से मुफ्त शटल बस सेवा की भी व्यवस्था की है।
आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए सभी टिकट मुफ्त रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के जरिए की जाएगी। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट लिया जा सकेगा।
टिकट के पीछे दिए गए लकी ड्रॉ कूपन से दर्शकों को कई इनाम जीतने का मौका मिलेगा। टिकट के काउंटर पार्ट को संभालकर रखना होगा। हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में कूपन निकाले जाएंगे और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
3 जून के उद्घाटन मैच और 14 जून के फाइनल मुकाबले में पहला इनाम टू-व्हीलर वाहन होगा। इसके अलावा 40 हजार रुपए, 30 हजार रुपए, 25 हजार रुपए, 22,500 रुपए, 20 हजार रुपए, 18 हजार रुपए, 16,500 रुपए और 14-14 हजार रुपए तक के कैश प्राइज भी दिए जाएंगे।