# पाली

Pali Crime: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर किया बलात्कार, थाने जाने से पहले युवती ने किया सुसाइड

Pali Rape News: पाली में सोशल मीडिया दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग और बलात्कार से परेशान एक युवती ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
प्रतीकात्मक तस्वीर

पाली। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए जानलेवा साबित हुई। पहले दोस्ती, फिर फोटो-वीडियो और उसके बाद ब्लैकमेलिंग व बलात्कार का सिलसिला इतना बढ़ा कि आखिरकार परेशान होकर युवती ने फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। मामला पाली शहर का है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पाली के एक युवक ने इंस्टाग्राम के माध्यम से शहर की एक युवती से दोस्ती की।

यह वीडियो भी देखें

दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया और मिलने के दौरान मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बना लिए। आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ कई बार बलात्कार भी किया।

शहर में आक्रोश का माहौल

बताया जा रहा है कि युवती ने बुधवार को अपनी बड़ी बहन को आपबीती बताई थी। परिजन अगले दिन पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही युवती ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। हिंदू संगठनों की ओर से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन की सुगबुगाहट शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्रसिंह खींची ने बताया कि आरोपी और युवती के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

प्रदर्शन कर मांगा न्याय

इंस्टाग्राम से दोस्ती कर एक युवती को प्यार में झांसा देने और युवती के आत्महत्या करने के मामले में शिवसेना शिंदे की ओर से प्रदर्शन किया गया। पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी के बाहर शिवसेना के सदस्यों ने युवती को न्याय दिलाने और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। इस दौरान लीलावती राव, हेमलता सोलंकी, बाली कंवर, संतोष माली, प्रियंका लखारा, तख्तसिंह सोलंकी, राजू देवासी, मनोज गर्ग आदि मौजूद रहे।

अनजान से दोस्ती से बचें

यह घटना नई उम्र के युवक-युवतियों के लिए भी बड़ा संदेश देती है। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती, निजी फोटो-वीडियो साझा करना और बिना पूरी जानकारी के किसी पर भरोसा करना कई बार गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या धमकी मिलने पर डरने के बजाय तुरंत परिजनों और पुलिस को जानकारी देनी चाहिए।