# राष्ट्रीय

क्या ममता बनर्जी के कहने पर यूसुफ पठान से मिले थे सौरव गांगुली? खुद बताया पूरा सच

Sourav Ganguly News: ममता बनर्जी और यूसुफ पठान को लेकर सामने आई राजनीतिक अटकलों पर सौरव गांगुली ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। पूर्व भारतीय कप्तान ने साफ कहा कि उन्होंने कभी भी ममता बनर्जी का कोई संदेश यूसुफ पठान तक नहीं पहुंचाया और न ही उनसे लोकसभा सीट छोड़ने को कहा है।

3 min read
Sourav Ganguly on TMC (Image: ANI)

Sourav Ganguly on TMC: पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली का नाम भी एक राजनीतिक विवाद में सामने आया है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि गांगुली ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी का संदेश लेकर बहारामपुर से सांसद यूसुफ पठान से मुलाकात की थी और उनसे लोकसभा सीट छोड़ने का अनुरोध किया था। अब इस पूरे मामले पर सौरव गांगुली ने खुद सामने आकर सफाई दी है।

गांगुली ने इन दावों को पूरी तरह गलत और तथ्यों से परे बताते हुए कहा कि उन्हें कभी भी ममता बनर्जी की ओर से ऐसा कोई संदेश देने के लिए नहीं कहा गया था।

क्या था पूरा दावा?

एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की संसद में वापसी को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि ममता बनर्जी बहारामपुर लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकती हैं और इसी सिलसिले में सौरव गांगुली को यूसुफ पठान तक संदेश पहुंचाने के लिए कहा गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, यूसुफ पठान ने कथित तौर पर अपनी सीट छोड़ने से इनकार कर दिया था।

सौरव गांगुली ने क्या कहा?

6 जून को जारी अपने हस्ताक्षरित बयान में सौरव गांगुली ने कहा कि रिपोर्ट में उनके बारे में जो बातें लिखी गई हैं, उनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी ने मुझसे कभी भी यूसुफ पठान तक कोई संदेश पहुंचाने को नहीं कहा। न मुझे उनसे सीट छोड़ने के लिए कहने को कहा गया और न ही मैंने इस तरह का कोई प्रयास किया।"

गांगुली ने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने कभी यूसुफ पठान से इस विषय पर संपर्क नहीं किया। इसलिए यह दावा भी गलत है कि पठान ने उन्हें किसी तरह का जवाब दिया था।

राजनीति से दूरी की बात दोहराई

पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने बयान में यह भी कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है।

गांगुली ने कहा, "मैं कभी भी किसी राजनीतिक मामले में शामिल नहीं रहा हूं।" उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए अफवाहों और अटकलों को खबर के रूप में प्रकाशित न किया जाए।

यूसुफ पठान या TMC की ओर से नहीं आया बयान

इस पूरे विवाद पर अभी तक यूसुफ पठान या तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यूसुफ पठान ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बहारामपुर सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को करीब 85 हजार वोटों से हराया था। क्रिकेट करियर के दौरान वह और सौरव गांगुली आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक साथ खेल चुके हैं।

TMC के लिए मुश्किल दौर

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब तृणमूल कांग्रेस अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकटों में से एक का सामना कर रही है।

हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की थी और ममता बनर्जी अपनी पारंपरिक सीट से चुनाव हार गई थीं। चुनाव के बाद पार्टी में बगावत भी तेज हो गई है।

पार्टी के 80 में से 58 विधायकों ने नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने बागी नेता रितब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता भी दे दी है जिसे TMC ने अवैध बताते हुए अदालत में चुनौती देने की बात कही है।

बैठक में भी नहीं पहुंचे ज्यादातर विधायक

शुक्रवार को ममता बनर्जी ने कोलकाता स्थित अपने कालीघाट आवास पर पार्टी नेताओं और विधायकों की बैठक बुलाई थी। लेकिन इस बैठक में केवल 8 विधायक ही पहुंचे। कई सांसदों और विधायकों की गैरमौजूदगी ने पार्टी के भीतर जारी असंतोष को और उजागर कर दिया।

इसी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सौरव गांगुली का नाम सामने आने से चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि अब पूर्व क्रिकेट कप्तान ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका इस पूरे मामले से कोई संबंध नहीं है और उनके नाम पर लगाए जा रहे दावे पूरी तरह गलत हैं।

Also Read
View All
‘हमारी मेहरबानी से चल रही है विजय की सरकार…’, एमके स्टालिन के बयान से गरमाई तमिलनाडु की राजनीति

AIADMK को लगा सबसे बड़ा झटका, पूर्व मंत्री, विधायक सहित 300 से ज्यादा नेताओं ने छोड़ी पार्टी, विजय की TVK में हुए शामिल

बिना नाम लिए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर बरसे नितिन नबीन; आंदोलनों और फंडिंग के स्रोतों पर उठाए सवाल

अब मनमर्जी के साइज में नहीं बिकेगा खाने का तेल, सरकार ने तय किए 9 स्टैंडर्ड साइज, कंपनियों को 3 महीने का समय

अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु बीजेपी में भगदड़, प्रदेश अध्यक्ष बोले-‘हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसा विश्व का नंबर-1 नेता है’