6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चेन्नई, Jun 06, 2026

AIADMK को लगा सबसे बड़ा झटका, पूर्व मंत्री, विधायक सहित 300 से ज्यादा नेताओं ने छोड़ी पार्टी, विजय की TVK में हुए शामिल

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय की TVK को बड़ा राजनीतिक फायदा मिला है। AIADMK के 300 से ज्यादा नेता और कार्यकर्ता, जिनमें कई पूर्व मंत्री और विधायक शामिल हैं, TVK में शामिल हो गए। नेताओं ने AIADMK छोड़ने की वजह भी बताई।

AIADMK leaders joins tvk

Tamil Nadu Politics(ANI)

AIADMK: तमिलनाडु की सियासत में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। शनिवार को AIADMK के 300 से ज्यादा नेता और कार्यकर्ता आधिकारिक तौर पर TVK में शामिल हो गए। इनमें कई पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हैं। यह कार्यक्रम चेन्नई के पास पनैयूर स्थित TVK मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नेताओं ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कई बड़े चेहरे हुए TVK में शामिल


TVK में शामिल होने वालों में पूर्व AIADMK मंत्री वेल्लामंडी नटराजन, अन्ना ट्रेड यूनियन फेडरेशन के राज्य सचिव कमलाक्कन्नन, मायलापुर के पूर्व विधायक नटराज, पूर्व मंत्री आनंदन, परमाकुडी के पूर्व विधायक साधन प्रभाकर और तिरुपत्तूर के सिटी सेक्रेटरी डी. टी. कुमार जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम TVK के महासचिव और ग्रामीण विकास मंत्री एन. आनंद, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सेंगोट्टैयन तथा लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुना की मौजूदगी में हुआ।

AIADMK में रहकर जनता की सेवा नहीं कर पा रहे थे-पूर्व मंत्री


पूर्व मंत्री और AIADMK के वरिष्ठ नेता उदुमलाई राधाकृष्णन ने TVK में शामिल होने के बाद कहा कि पिछले पांच वर्षों से वे AIADMK में रहते हुए भी जनता की प्रभावी सेवा नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर हालात ऐसे थे कि कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए काम करना मुश्किल हो गया था। इसी वजह से उन्होंने नई राजनीतिक राह चुनने का फैसला किया। राधाकृष्णन ने यह भी दावा किया कि उनके साथ त्रिची एन. आर. शिवापति, कडम्बूर राजू, एम. सी. संपत, पन्नीरसेल्वम, गोविंदसामी और कोलाथुर कृष्णमूर्ति जैसे कई वरिष्ठ नेता भी TVK में शामिल हुए हैं।

विजय में दिखती है MGR और जयललिता की झलक-राधाकृष्णन


राधाकृष्णन ने कहा कि AIADMK की दिवंगत नेता जे. जयललिता के समय पार्टी में अनुशासन था, लेकिन उनके निधन के बाद पार्टी को बड़ा झटका लगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व में उन्हें एमजी रामचंद्रन (MGR) और जयललिता के आदर्शों की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि TVK में उन्हें सम्मान और पहचान मिली, जिसने पार्टी में शामिल होने का फैसला आसान बना दिया। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि आने वाले दिनों में AIADMK के कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता भी TVK का दामन थाम सकते हैं। उन्होंने कहा कि AIADMK छोड़ना उनके लिए राहत की बात है, क्योंकि पार्टी के भीतर लंबे समय से असंतोष का माहौल था।

TVK की बढ़ती ताकत


हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के बाद TVK लगातार अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। AIADMK के सैकड़ों नेताओं का एक साथ पार्टी में शामिल होना विजय के लिए राजनीतिक तौर पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें