# राष्ट्रीय

सीकर के लाल ने रचा इतिहास, एशियन यू-20 चैम्पियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

Rahul Jakhar Gold Medal: राजस्थान के सीकर मूल के 18 वर्षीय एथलीट राहुल जाखड़ ने 22वीं एशियन यू-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में डेकाथलॉन स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।

2 min read
राहुल जाखड़ ने डेकाथलॉन में स्वर्ण पदक जीत इतिहास रचा।

Rahul Jakhar Gold Decathlon: वलसाड जिले के चरवाडा गांव में रहने वाले 18 वर्षीय राहुल जाखड़ ने हांगकांग में आयोजित 22वीं एशियन यू-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में डेकाथलॉन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। राजस्थान के सीकर मूल के इस युवा एथलीट ने प्रतियोगिता में 7185 प्वाइन्ट्स अर्जित कर भारत का नाम रोशन किया। वे एशिया के श्रेष्ठ यू-20 डेकाथलिट बनकर वैश्विक सूची के शीर्ष आठ खिलाड़ियों में स्थान बना चुके हैं।

राहुल का परिवार 30 वर्ष पहले सीकर से वलसाड जिले के वापी में आकर स्थायी हो गया था। युवा खिलाड़ी की एथलेटिक्स यात्रा वापी के एक स्थानीय मैदान में खिलाड़ियों को देखकर शुरू हुई थी। खेल महाकुंभ में स्कूल की ओर से भाग लेकर लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर एथलेटिक्स में आगे बढ़ने का संकल्प किया।

राहुल के कोच शिवम उपाध्याय का कहना है कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, वैज्ञानिक प्रशिक्षण व गुजरात के मजबूत खेल ढांचे का परिणाम है। उनके मुताबिक डेकाथलॉन एथलेटिक्स की सबसे कठिन स्पर्धाओं में एक है।

कॉमनवेल्थ, ओलंपिक का सपना

हांगकांग से फोन पर राहुल ने कहा कि वे अपने कोच और गुजरात सरकार के आभारी हैं। अब उनका सपना कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने का है। नडियाद स्थित हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राहुल वर्तमान में स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ गुजरात (एसएजी) के अंतर्गत अत्याधुनिक कोचिंग का लाभ ले रहे हैं। उनकी सफलता से राज्य के खेल-कूद ढांचे की मजबूती और युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का संदेश गया है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल-कूद मंत्री हर्ष संघवी ने राहुल की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए मजबूत खेल-कूद ढांचा और विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित की हैं। राहुल की उपलब्धि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है। वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन के लिए भी विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित हो रही हैं।