# राष्ट्रीय

Maharashtra SSC Result 2026: 10th क्लास के रिजल्ट को लेकर बड़ी अपडेट, जान लें ये कुछ जरूरी बातें

Maharashtra SSC Result 2026 आज जारी होने जा रहा है। छात्र दोपहर 1 बजे से अपना 10वीं बोर्ड रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकेंगे। रिजल्ट लिंक, मार्कशीट और जरूरी अपडेट यहां जानें।

2 min read
दसवीं क्लास का आज होगा रिजल्ट जारी (सोर्स-AI)

Maharashtra SSC Result 2026: महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (MSBSHSE) आज यानी 8 मई को कक्षा 10वीं के SSC बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी करने जा रहा है। बोर्ड की तरफ से सुबह 11 बजे पुणे कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। आज दोपहर तक बच्चों का इंतजार खत्म होने वाला है। आपको बता दें कि इस साल 16 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी, ऐसे में पूरे राज्य में रिजल्ट को लेकर उत्साह और बेचैनी दोनों देखने को मिल रही है।

रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट

महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ने SSC 10वीं रिजल्ट 2026 को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। अब छात्र सुबह 11:30 बजे से ही अपना रिजल्ट ऑनलाइन चेक और डाउनलोड कर सकेंगे। छात्र mahahsscboard.in समेत बोर्ड कीऔर आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर अपना रिजल्ट देख पाएंगे। पहले रिजल्ट लिंक दोपहर में एक्टिव होने वाला था, लेकिन अब समय पहले कर दिया गया है।

कहां देखें रिजल्ट

बोर्ड ने रिजल्ट चेक करने के लिए mahahsscboard.in, sscresult.mkcl.org, DigiLocker और IE Education Portal की सुविधा दी है। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को रोल नंबर और मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। बोर्ड की ओर से जारी की जाने वाली ऑनलाइन मार्कशीट फिलहाल प्रोविजनल होगी, जबकि ओरिजिनल मार्कशीट कुछ दिनों बाद स्कूलों में भेजी जाएगी।

पेपर लीक विवाद के बीच आया रिजल्ट अपडेट

इस साल महाराष्ट्र SSC परीक्षा के दौरान गणित के पेपर लीक होने का मामला भी सामने आया था। रिपोर्ट के अनुसार, ‘Maharashtraleakers’ नाम के एक टेलीग्राम चैनल पर परीक्षा से पहले मैथ्स के पेपर शेयर किए गए थे। इस मामले में पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने पैसे ठगने के लिए इस करह की साजिश की थी। हालांकि बोर्ड ने साफ किया है कि रिजल्ट और परीक्षा प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र बोर्ड की कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च 2026 तक चली थीं। पूरे राज्य में 5,111 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे । पिछले साल SSC परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 94.10% रहा था।

मार्कशीट में मिलेगा QR कोड और फोटो फीचर

महाराष्ट्र बोर्ड इस साल छात्रों को नई तरह की मार्कशीट देने जा रहा है। इस मार्कशीट में छात्र की फोटो और QR कोड भी होगा। QR कोड की मदद से स्कूल, कॉलेज या दूसरे संस्थान आसानी से मार्कशीट की जांच कर सकेंगे। बोर्ड का कहना है कि इससे एडमिशन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रोसेस ज्यादा आसान और सेफ होगी। साथ ही फर्जी मार्कशीट पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।

ऐसे करा सकेंगे री-चेकिंग

अगर कोई स्टूडेंट अपने नंबर से खुश नहीं होगा तो वह मार्क्स वेरिफिकेशन और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेगा। इसके बाद छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए भी आवेदन कर पाएंगे। साथ ही बोर्ड ने छात्रों की मानसिक सहायता के लिए स्टेट लेवल पर 10 और हर डिविजन स्तर पर 2 काउंसलर भी नियुक्त किए थे। ये काउंसलर फोन के जरिए छात्रों की मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे और रिजल्ट के तनाव को कम करने की कोशिश करेंगे।

यह खबर अपडेट की जा रही है।