# राष्ट्रीय

जेईई एडवांस्ड का परिणाम घोषित: शुभम की ऑल इंडिया रैंक-1, छात्राओं में आरोही अव्वल

JEE Advanced 2026 Topper: जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम घोषित, बिहार के शुभम कुमार ने 330 अंकों के साथ AIR-1 हासिल की। कबीर छिल्लर दूसरे स्थान पर रहे। जानें टॉप-10 रैंकर्स, कटऑफ, गल्र्स टॉपर और कुल सफल अभ्यर्थियों की पूरी जानकारी।

2 min read
बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने जेईई एडवांस्ड ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर टॉप किया है। (Photo - IANS)

JEE Advanced 2026 Result:आईआईटी रुड़की ओर से जेईई एडवांस्ड का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर टॉप किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक प्राप्त किए, जबकि 360 में से 329 अंक लाने वाले शुभम के ही क्लासमेट कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल की। कबीर जेईई मेन के टॉपर भी रहे थे। उसने मेन्स में परफेक्ट स्कोर यानी 300 में से 300 अंक अर्जित किए थे। एडवांस्ड में उनकी एक रैंक फिसल गई। मेन्स में उनसे 5 रैंक नीचे ऑल इंडिया रैंक 6 वाले शुभम कुमार टॉपर बन गए। वहीं जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-3 प्राप्त की। तीनों कोटा कोचिंग के क्लासरूम स्टूडेंट हैं।

वहीं कोटा के रहने वाले अर्णव गौतम की 7वीं रैंक आई है। जेईई मेन में गौतम की 5वीं रैंक थी। कनिष्क जैन ने एआईआर -8 और दर्श सिक्का ने एआइआर-10 हासिल करते हुए देश की टॉप-10 रैंक में स्थान प्राप्त किया है। कोटा कोचिंग की बदौलत दिल्ली जोन का दबदबा कायम रहा। टॉप-10 में दिल्ली जोन से 5, मद्रास से 3 व बॉम्बे जोन से 2 स्टूडेंट्स ने जगह बनाई है। इस बार परिणाम को लेकर भी थोड़ी गफलत रही। सोमवार साढ़े दस बजे परिणाम घोषित किया जाना था, लेकिन रविवार रात करीब ढाई बजे जारी कर दिया गया।

56,880 विद्यार्थी परीक्षा में सफल घोषित

जेईई एडवांस्ड परीक्षा में इस साल कुल 1,87,389 स्टूडेंट्स ने पंजीकरण करवाया था। कुल 1,79,684 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिनमें से 56,880 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। सफल उम्मीदवारों में 10,107 सफल महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। रिजल्ट लगभग 31.65त्न रहा। ऐसे में इस साल क्वालिफाई स्टूडेंट्स ने नया रेकॉर्ड बना लिया है।

छात्राओं में आरोही अव्वल

छात्राओं में दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। वह 360 में से 280 अंक हासिल करते हुए ऑल इंडिया गल्र्स टॉपर रही। आरोही ने कॉमन रैंक लिस्ट में 77 वां स्थान प्राप्त किया।

सीआरएल की क्वालिफाइंग कटऑफ में बड़ा बदलाव

इस बार कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) की क्वालिफाइंग कटऑफ में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पिछले साल की तुलना में इसमें 18 अंकों की बढ़ोतरी हुई और ये 92 अंक पर पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, यह परीक्षा के बढ़ते लेवल और कॉम्पिटिशन को दर्शाता है। साल 2023 से 2026 तक के आंकड़ों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन इस बार क्वालिफिकेशन परसेंट सबसे अधिक रहा।

टॉप-10 विद्यार्थी

रैंकनामअंकजोन
1शुभम कुमार330आईआईटी दिल्ली
2कबीर छिल्लर329आईआईटी दिल्ली
3जतिन चाहर319आईआईटी दिल्ली
4मोहित शेखर शुक्ला319आईआईटी मद्रास
5कुची संदीप318आईआईटी मद्रास
6बी. जय कृष्णा श्रीनिवास314आईआईटी बॉम्बे
7अर्णव गौतम314आईआईटी दिल्ली
8कनिष्क जैन313आईआईटी बॉम्बे
9मेदीसेती नागा सहरसा312आईआईटी मद्रास
10दर्श सिक्का311आईआईटी दिल्ली

टॉपर का इंटरव्यूः कमजोर टॉपिक्स पर विशेष फोकस किया- शुभम

ऑल इंडिया टॉपर शुभम कुमार ने पत्रिका से बातचीत में कहा-मेरी सफलता के पीछे मेरे टीचर्स और परिवार है। पिता ने पढ़ाई के लिए प्रेरित किया, जबकि मां ने हर कदम पर भावनात्मक एवं मानसिक मजबूती दी। मैं बार-बार डाउट पूछता था। टीचर्स ने हर कॉन्सेप्ट को बेसिक्स से समझाया, जिससे मेरी नींव मजबूत हुई। मुझे लगता है कि अगर छात्र अपने टीचर्स पर भरोसा करके अनुशासन के साथ पढ़ाई करें, तो बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। मैं रोजाना 6 से 8 घंटे सेल्फ स्टडी करते था। डेली प्रश्नों की प्रेक्टिस करता और कमजोर टॉपिक्स पर विशेष फोकस करता था। जेईई की तैयारी में कई बार प्रेशर आ जाता है, लेकिन मैंने उसे कभी कमजोरी नहीं बनने दिया। अब मैं आईआईटी मुम्बई में सीएस ब्रांच से बीटेक करूंगा।