# राष्ट्रीय

इंडिया ब्लॉक की बैठक 8 जून को प्रस्तावित, टीवीके की एंट्री संभव; डीएमके बना सकती है दूरी

INDIA Bloc की आगामी बैठक में टीवीके के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि डीएमके के दूरी बनाने की चर्चा है। विपक्षी एकता और रणनीति पर अहम मंथन हो सकता है।

2 min read
सी जोसेफ विजय (सोर्स- एक्स)

INDIA Bloc meeting: विपक्षी इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता 8 जून को राष्ट्रीय राजधानी में बैठक कर सकते हैं। इसमें भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ संयुक्त रणनीति और विपक्षी एकता को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, हाल ही हुए विधानसभा चुनावों के बाद यह बैठक और भी अहम हो गई है। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में इंडिया ब्लॉक के दो प्रमुख घटक, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और डीएमके, सत्ता से बाहर हो गए हैं। बैठक में लगभग 15 विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।

डीएमके की भागीदारी पर संशय

चूंकि तमिलनाडु में कांग्रेस ने डीएमके से नाता तोड़कर टीवीके का समर्थन किया है, इसलिए बैठक में डीएमके के शामिल होने की संभावना नहीं है। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को ब्लॉक में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से ब्लॉक से दूरी बना चुकी है और बैठक में उसकी भागीदारी की भी संभावना नहीं है। टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बैठक में भाग लेने की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी बंगाल में टीएमसी नेताओं पर कथित हमलों का मुद्दा उठाकर इंडिया ब्लॉक का समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगी।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संयुक्त रणनीति, सीटों के बंटवारे और क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल पर भी चर्चा हो सकती है। विपक्षी नेता भाजपा के खिलाफ साझा मंच को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

इंडिया ब्लॉक में फिर से मंथन

गौरतलब है इंडिया ब्लॉक की पिछली औपचारिक बैठक 1 जून 2024 को नई दिल्ली में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुई थी। इसके बाद अगस्त 2025 में राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं के लिए डिनर की मेजबानी की थी, जिसमें 25 से अधिक दलों के करीब 50 नेता शामिल हुए थे। हाल के विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद इंडिया ब्लॉक में फिर से मंथन और समन्वय की कवायद तेज हो गई है।