# राष्ट्रीय

Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

IMD Alert: केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

2 min read
Weather Update

Weather Update: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे देश के बड़े हिस्से को प्रकृति ने बड़ी राहत दी है। दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, ओलावृष्टि को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अंबाला और करनाल में भारी बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी, फिरोजशाह रोड और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात दिलाई। चंडीगढ़ में मूसलाधार बारिश के बाद पारा लुढ़ककर सीधे 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हरियाणा के अंबाला और करनाल में भी भारी बारिश दर्ज की गई।

यूपी के कई राज्यों में धूलभरी आंधी और ओले गिरने की आशंका

दूसरी ओर, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया है। यूपी के बागपत, बहराइच, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, सहारनपुर और सीतापुर जैसे जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और ओले गिरने की आशंका है। गाजियाबाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में भयानक धूलभरी आंधी

राजस्थान के श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में शनिवार को भीषण धूलभरी आंधी ने तबाही मचाई। श्रीकरणपुर और गजसिंहपुर समेत कई गांवों में आंधी के बाद भारी बारिश और ओले गिरे। आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनू, जयपुर और नागौर में अगले कुछ घंटों में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है।

बिहार में 100 की रफ्तार का खतरा

बिहार की बात करें तो 31 मई (कल) के लिए मौसम विभाग ने बेहद डरावना अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवाती आंधी आने और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, उत्तराखंड के देहरादून में भारी बारिश के कारण कई पेड़ उखड़ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

दक्षिण भारत में झमाझम बारिश, छत्तीसगढ़ में ओलों से फसल को भारी नुकसान

दक्षिण भारत के राज्यों में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कर्नाटक के बेंगलुरु और केरल के तिरुवनंतपुरम में तेज बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया है। केरल और आंध्र प्रदेश के कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

इस बीच, छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से उमस और लू से बेहाल लोगों को बारिश से राहत तो मिली, लेकिन बैमौसम हुई इस ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ गिरे ओलों की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं।

प्रशासन की गाइडलाइन: पेड़ और बिजली के खंभों से रहें दूर

मौसम के इस रौद्र रूप को देखते हुए विभिन्न राज्यों के आपदा प्रबंधन विभागों ने गाइडलाइन जारी की है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे:
— बहुत जरूरी न होने पर यात्रा करने से बचें।
— साइनबोर्ड, कमजोर इमारतों और पेड़ों के नीचे शरण न लें।
— बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर से दूरी बनाकर रखें।
— आधिकारिक माध्यमों (रेडियो, टीवी, सोशल मीडिया) से मौसम के अपडेट्स पर नजर रखें।