# राष्ट्रीय

सिद्धारमैया के कई मंत्रियों का कटेगा पत्ता? शिवकुमार की नई कैबिनेट में इन चौंकाने वाले चेहरों की होगी एंट्री!

DK Shivakumar Delhi-Visit: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार 3 जून को होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले कांग्रेस हाई कमांड से मिलने के लिए सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।

2 min read
CM Siddaramaiah, DK Shivakumar

Karnataka Politics: कर्नाटक को तीन जून को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। तीन साल तक उपमुख्यमंत्री रहने के बाद डीके शिवकुमार प्रदेश के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह बधुकवार को बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले शिवकुमार कांग्रेस हाई कमांड से मिलने के लिए सोमवार को दिल्ली पहुंचे।

मीडिया से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक के लोगों को मेरी शुभकामनाएं। कर्नाटक के लोग लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।

कैबिनेट पदों पर होगा मंथन

बताया जा रहा है कि शिवकुमार और कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस हाई कमांड के साथ कैबिनेट पदों और राज्य में अन्य राजनीतिक घटनाक्रमों के बारे में बैठक करेंगे।

सिद्धारमैया के कई मंत्रियों का कटेगा पत्ता!

सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र को शिवकुमार के नए मंत्रिमंडल में संभावित स्थान मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, सिद्धारमैया के मंत्रिमंडल के कुछ मंत्रियों को इस बार स्थान मिलने की संभावना कम है, क्योंकि नए चेहरों को शामिल किया जाना है।

सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया ने राज्य में एक समन्वय समिति के गठन का प्रस्ताव रखा है, जिसे अभी तक उच्च कमान से मंजूरी नहीं मिली है। सूत्रों ने यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

KPCC पद के लिए मंथन जारी

इसके अलावा, कांग्रेस के एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि पार्टी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष (KPCC) पद के लिए ओबीसी उम्मीदवार पर विचार कर रही है। चूंकि वर्तमान अध्यक्ष शिवकुमार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं, इसलिए पार्टी एक ऐसे नेता को लाना चाहती है जो संगठन को सरकार के साथ अच्छे संबंध में रख सके और आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों में प्रभावी परिणाम सुनिश्चित कर सके।

जातीय समीकरण

कर्नाटक के राज्यसभा सांसद नसीर हुसैन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व सत्ता हस्तांतरण के संबंध में आवश्यक निर्णय लेगा। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी राज्य में जाति, समुदाय, सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन करेगी।

कितने नेता लेंगे शपथ आला कमान करेगा तय

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सत्ता का हस्तांतरण बहुत सुचारू रूप से हुआ है। जब वे (डीके शिवकुमार) शपथ लेंगे, तो मंत्रिपरिषद भी शपथ लेगी। अब उच्च कमान यह तय करेगी कि कितने नेता शपथ लेंगे और क्या उपमुख्यमंत्री होंगे या नहीं। इसलिए, डीके शिवकुमार 3 तारीख को शाम 4 बजे राजभवन में मंत्रिपरिषद के साथ शपथ लेंगे।