# राष्ट्रीय

‘धुरंधर’ फिल्म की कहानी से भड़का दाऊद, रच डाली मुंबई दहलाने की साजिश,जानिए एजेंसियों ने क्या किया

Terror Plot:रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' देखकर डी-कंपनी बौखला गई है। खुद को जिंदा और ताकतवर साबित करने के लिए दाऊद इब्राहीम ने मुंबई में एक बड़ी आतंकी साजिश रची, जिसे भारतीय एजेंसियों ने नाकाम कर दिया।

2 min read
धुरंधर 2 में क्या है बड़े साहब का सच

D-Company : रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर धुरंधर मूवी ने अंडरवर्ल्ड की नींद उड़ा दी है। इस जासूसी थ्रिलर फिल्म में 'बड़े साहब' नाम का एक माफिया डॉन दिखाया गया है, जिसकी शक्ल दाऊद इब्राहीम से हूबहू मिलती है। फिल्म के एक अहम दृश्य में उसे मौत के बेहद करीब मृत्युशैया पर दिखाया गया है। खुफिया सूत्रों की मानें तो पर्दे की यह कहानी देख कर पाकिस्तान में बैठी असली डी-कंपनी बुरी तरह भड़क गई है। फिल्म के हिट होते ही दाऊद गैंग ने मुंबई में अपने स्लीपर सेल और गुर्गों को तुरंत एक्टिव कर दिया है, ताकि दुनिया को यह बताया जा सके कि डॉन अभी भी जिंदा है।

युवाओं का किया गया ब्रेनवॉश

डी-कंपनी ने अपना खौफ दोबारा कायम करने के लिए मुंबई में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश रची। गैंग के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए लड़कों की भर्ती करना था। यह काम शकील गैंग को सौंपा गया। उन्होंने मुंबई की झुग्गियों और सड़कों से युवाओं को चुना। इन लड़कों को बांद्रा के गरीब नगर इलाके में एक अवैध मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के नाम पर भड़काया गया। इन भटके हुए युवाओं को यह तक नहीं पता था कि वे असल में दाऊद के मोहरे बन रहे हैं।

आईएसआई और मुन्ना झिंगाड़ा का गठजोड़

इस खतरनाक प्लान में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने दाऊद का पूरा साथ दिया। युवाओं को हथियार मुहैया कराने और ट्रेनिंग देने की आईएसआई ने जिम्मेदारी उठाई। वहीं, इस पूरे ऑपरेशन को जमीन पर उतारने का जिम्मा कुख्यात शूटर मुन्ना झिंगाड़ा को दिया गया। सूत्रों का कहना है कि गैंग का मुख्य लक्ष्य भारत की किसी बड़ी और ताकतवर हस्ती को निशाना बनाना था।

पुलिस ने फेरा पानी

दाऊद अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, उससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने इस बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने समय रहते गिरफ्तारियां कर आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड के इस गठजोड़ को बेनकाब कर दिया। जांच एजेंसियों का मानना है कि डी-कंपनी का रंगदारी और वसूली का धंधा अब लगभग खत्म हो चुका है। ऐसे में अपनी लगातार गिरती साख और खौफ को बचाने के लिए दाऊद हताशा में ऐसे कदम उठा रहा है।