Delhi Wall Collapse: दिल्ली में एक ही रात दो बड़े हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। लोधी कॉलोनी में दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हुई, जबकि ग्रेटर कैलाश में भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई।
Delhi Fire Accident: राजधानी दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार (4-5 जून) दो बड़े हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर लोधी कॉलोनी में सीवेज लाइन निर्माण कार्य के दौरान बाउंड्री वॉल ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर ग्रेटर कैलाश-1 स्थित एक बहुमंजिला कार्यालय भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग के अनुसार रात करीब 1:18 बजे PCR कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। घटना लोधी कॉलोनी में लोधी होटल के समीप हुई, जहां सीवेज पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक बाउंड्री वॉल अचानक गिर गई, जिसके मलबे में तीन मजदूर दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
हादसे में दबे तीसरे व्यक्ति को अग्निशमन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
देवेंद्र (55 वर्ष), पुत्र अमीचंद – मृत
राजेश (48 वर्ष), पुत्र भगवती – घायल, एम्स में भर्ती
उमर (20 वर्ष), पुत्र मुन्ना – घायल, एम्स में भर्ती
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
इसी रात साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में स्थित टाटा कम्युनिकेशंस के कार्यालय में भी भीषण आग लग गई। अग्निशमन विभाग को रात 2:47 बजे सावित्री सिनेमा के सामने स्थित बहुमंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल सात फायर टेंडर मौके पर भेजे। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रात 3:01 बजे मेक-4 अलर्ट जारी किया गया।
आग बुझाने का ऑपरेशन करीब ढाई घंटे तक लगातार जारी रहा। इस दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश में दो दमकलकर्मी घायल हो गए। दोनों के हाथ झुलस गए हैं और उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निशमन विभाग ने सुबह लगभग 5:30 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। यानी आग बुझाने में करीब 2 घंटे 43 मिनट का समय लगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।