# नरसिंहपुर

सीवर लाइन की खुदाई से जलसंकट, पाइपलाइनें टूटीं, नलों ने तोड़ा दम, शहर के भटिया टोला से तिंदनी रोड तक भटकाव

गुरुवार को नगर के महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड के भटिया टोला में हालात उस समय बिगड़ गए, जब बुधवार की शाम को सीवर लाइन की खुदाई के दौरान मशीनों ने नालियों और पेयजल पाइपलाइन कनेक्शनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

3 min read
नाली की खुदाई से इस तरह बन गए गड्ढे

work for sewer lines नरसिंहपुर. नगरीय क्षेत्र में सीवर लाइन निर्माण कार्य अब लोगों के लिए राहत नहीं, बल्कि मुसीबत का कारण बनता जा रहा है। गुरुवार को नगर के महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड के भटिया टोला में हालात उस समय बिगड़ गए, जब बुधवार की शाम को सीवर लाइन की खुदाई के दौरान मशीनों ने नालियों और पेयजल पाइपलाइन कनेक्शनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। देखते ही देखते गलियों में पानी फैल गया और कई घरों तक गंदा पानी पहुंच गया। इसके बाद मोटर पंप बंद कराए गए और पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति ठप हो गई। जो दूसरे दिन भी दिनभर ठप रहने से लोग परेशान रहे।
टोला में सुबह से नल नहीं चलने पर लोग पीने के पानी के लिए भटकते रहे। महिलाओं और बच्चों को बाल्टियां लेकर दूसरे मोहल्लों तक जाना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने खुदाई शुरू करने से पहले न तो सुरक्षा इंतजाम किए और न ही वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था बनाई। लोगों की शिकायतों पर कार्य करने वाले कर्मचारी कहते रहे कि सुधार हो रहा है लेकिन दिनभर इसी इंतजार में बीता। शाम को भी लोगों के लिए पानी की समस्या से परेशान होना पड़ा। भटिया टोला क्षेत्र में दिनभर टैंकर नहीं पहुंचने से लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। कुछ अन्य क्षेत्र में भी घरों के कनेक्शन टूटने की शिकायतें सामने आई हैं।
तिंदनी रोड पर सफाई कार्य से लाइन टूटी
धनारे कॉलोनी रोड और तिंदनी रोड क्षेत्र में भी सफाई कार्य के दौरान पाइपलाइन फूटने से जलसंकट गहरा गया। कुछ इलाकों में नगर पालिका ने पानी के टैंकर भेजे। निकाय से लाइन सुधार कार्य में तत्परता दिखाई जिससे शाम को आपूर्ति बहाल हो गई। वहीं बुधवार को ही अटल पार्क के पास निर्माण कार्य के दौरान लाइन टूटने से लोग परेशान रहे, बाद में यहां लाइन जोडऩे की कार्रवाई कराई गई।

पाइप लाइन टूटने से जलसंकट भुगतने लाचार हुए नागरिक


लाइन टूटने का नहीं थम रहा सिलसिला
शहर में सीवर लाइन निर्माण के दौरान पाइपलाइन टूटने का सिलसिला लगातार जारी है। कई स्थानों पर सडक़ें खोदकर लाइन बिछाई गई लेकिन बाद में सुधार कार्य के नाम पर खानापूर्ति कर दी गई। जिससे कहीं गहरे गड्ढे हैं तो कहीं कीचड़ और बहता पानी। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। संकरी गलियों में दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और रात के समय हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्यों की कीमत अब लोगों को पानी, सडक़ और सुरक्षा खोकर चुकानी पड़ रही है। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो बारिश में मुसीबत बढऩा तय है।
फैक्ट फाइल
सीवर खुदाई में कई जगह टूटी पाइपलाइनें
भटिया टोला में दिनभर बंद रही जलापूर्ति
कई घरों में घुसा पानी और कीचड़
तिंदनी रोड, धनारे कॉलोनी और क्वार्टर क्षेत्र प्रभावित
कई स्थानों पर अधूरी खुदाई से आवागमन बाधित
प्रभावित क्षेत्र में टैंकर व्यवस्था पर उठे सवाल
वर्जन
सुबह से नल बंद हैं। पीने का पानी तक नहीं बचा। छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है।
प्रमिला सिंह, गृहणी भटिया टोला
मशीन से पाइप फोड़ दिए गए हैं, कई जगह घर के अंदर तक पानी घुस गया। कोई देखने तक नहीं आया। कार्य में लगातार मनमानी हो रही है।
सत्यम पटवा, लक्ष्मीबाई वार्ड
सडक़ें खोदकर छोड़ दी गई हैं। रोज हादसे का डर रहता है। बाइक निकालना मुश्किल हो गया है। गर्मी में पानी की समस्या हो रही है।
राहुल मेहरा, भटिया टोला
दूसरे इलाकों में टैंकर भेज दिए, लेकिन यहां लोग पूरे दिन पानी के लिए तरसते रहे। ऐसी गर्मी में पानी लेने के लिए कहां भटकें, बहुत परेशानी है।
डब्बू चौधरी, लक्ष्मीबाई वार्ड
पूरे टोला में लाइन की खुदाई से आने-जाने में दिक्कत हो रही है, पाइप लाइन टूटने से अब पता नहीं कब आपूर्ति बहाल होगी, परेशानी बढ़ गई है।
रामसिंह, भटिया टोला
शहर में तीन अलग-अलग जगह लाइन टूटने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अटल पार्क और तिंदनी रोड क्षेत्र में तो लाइन जल्दी जुड़ गई थी, टैंकर भी भेजे थे। टोला में सीवर के कार्य से लाइन क्षत्रिगस्त हुई थी, सुधार कार्य कराया जा रहा है।
इंजी. पुरुषोत्तम बाडबुद्धे, जलशाखा प्रभारी नगरपालिका नरसिंहपुर