# मुजफ्फरनगर

शादी में हुई मुलाकात, साथ रहने की जिद पर अड़ी दो युवतियां, SSP दफ्तर से लेकर थाने तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Muzaffarnagar Police Station News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दो युवतियां एक दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। जब दोनों के रिश्ते के लिए परिजन राजी नही हुए तो दोनो खतौली थाने पहुंच गईं।

2 min read
मुजफ्फरनगर में हाई वोल्टेज ड्रामा साथ रहने की जिद पर अड़ी युवतियां (फोटो- AI जनरेटेड)

Muzaffarnagar Girls Demand To Live Together: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अलग-अलग गांवों की रहने वाली बीकॉम की दो छात्राएं एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि वे परिवार और समाज की परवाह किए बिना सीधे पुलिस थाने पहुंच गईं। परिवार वाले समझाते रहे, लेकिन युवतियों ने परिवार के साथ जाने से इनकार कर दिया।

शादी समारोह में हुई थी पहली मुलाकात

इस पूरी कहानी की शुरुआत कुछ दिनों पहले खतौली क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह से हुई। यहीं दोनों युवतियों की पहली बार मुलाकात हुई थी। पहली ही मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। देखते ही देखते यह जान पहचान गहरी दोस्ती में बदल गई, फिर दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। परिजनों को लगा कि दोनों के बीच केवल दोस्ती है इसलिए उन्होंने कभी इस रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

खाई साथ जीने मरने की कसम

इसी बीच दोनों युवतियों की नजदीकियां इतनी ज्यादा बढ़ गईं कि उन्होंने साथ जीने-मरने की कसम खा ली। जब परिजनों को उनके इस रिश्ते के बारे में शक हुआ और उन्होंने पूछताछ की तो घर में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद सोमवार देर शाम दोनों युवतियां अचानक खतौली थाने पहुंच गईं और पुलिस के सामने एक साथ रहने की इच्छा जाहिर करते हुए अपनी जिद पर अड़ गईं।

पुलिस स्टेशन में चला हाई वोल्टेज ड्रामा

थाने पहुंचने के बाद जब परिजनों को युवतियों के इरादों का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवतियां अपनी जिद पर इस कदर अड़ी थीं कि वे मंगलवार को अपनी फरियाद लेकर एसएसपी कार्यालय तक पहुंच गईं। वहां से पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले को समझते हुए उन्हें वापस खतौली थाने भेज दिया। मंगलवार को दिन-भर थाने में भारी गहमागहमी का माहौल रहा और दोनों परिवारों के लोग वहां जमा हो गए।

कई घंटों की मशक्कत के बाद लौटीं घर

थाने में दोनों युवतियों के परिजन और कई रिश्तेदार इकट्ठा हो गए। परिजनों ने समाज, लोकलाज और इज्जत का वास्ता देकर उन्हें काफी समझाया। पुलिस अधिकारियों ने भी दोनों पक्षों की बात शांति से सुनी और युवतियों की अच्छी तरह से काउंसिलिंग की। कई घंटों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे और भारी मशक्कत के बाद आखिरकार युवतियां मान गईं। खतौली कोतवाली पुलिस ने बताया कि युवतियों के शांत होने और मान जाने के बाद उन्हें उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।