Morena Deputy Collector- दुष्कर्म मामले में केस दर्ज हुआ, पीड़िता से कार-फ्लैट में बनाए थे शारीरिक संबंध, CM भी कर चुके कार्रवाई
Arvind Mahor - मुरैना में दुष्कर्म के आरोपी डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें देर रात गिरफ्तार किया गया। मुरैना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पकड़ा। उनपर एक युवती ने कार और फ्लैट में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती ने अरविंद माहौर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने की पुलिस को शिकायत की थी। इसके आधार पर दर्ज केस में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौल विवादित रहे हैं। यहां तक कि सीएम मोहन यादव भी एक बार उनपर कार्रवाई कर चुके हैं।
पीड़िता युवती ने उनके खिलाफ 3 जून यानि बुधवार को रात में शिकायत दर्ज कराई
अरविंद माहौर मुरैना जिला मुख्यालय पर डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ थे। पीड़िता युवती ने उनके खिलाफ 3 जून यानि बुधवार को रात में शिकायत दर्ज कराई थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें देर रात में गिरफ्तार किया।
आरोपी अरविंद माहौर को थाने लाया गया जहां वे चहलकदमी करते दिखाई दिए। सिविल लाइन थाने के टीआई उदय भान यादव ने बताया कि आरोपी डिप्टी कलेक्टर को आज कोर्ट में पेश करेंगे। इससे पहले मेडिकल जांच भी कराई जाएगी।
सिविल लाइन पुलिस थाने में डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(1), 351(3) और 225 के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता युवती के मुताबिक आरोपी ने फेसबुक पर दोस्ती की और शादी का भी प्रस्ताव दिया। पीड़िता के अनुसार झांसा देकर 30 मार्च 2025 से 3 जून 2026 तक शारीरिक शोषण करते रहे। मुरैना में कार में भी संबंध बनाए। अब शादी से मुकरकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
अरविंद माहौर ने जनसुनवाई में आए एक समाजसेवी को थप्पड़ मारने की बात कही थी इस घटना का वीडियो भी सामने आ गया था। 19 सितंबर 2025 को सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अरविंद माहौर को निलंबित कर दिया गया था। महिलाओं से अभद्रता और बदसलूकी को लेकर चंबल कमिश्नर ने यह कार्रवाई की थी।