4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना, Jun 04, 2026

स्वास्थ्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

गुरुवार को किया सुंदरकांड पाठ, जिले भर में धरने पर बैठे स्वास्थ्य मिशन के 650 कर्मचारी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, कर्मचारी नेता बोले: मांग पूरी होने तक चलेगा आंदोलन

Health workers on indefinite strike

गुरुवार को किया सुंदरकांड पाठ, जिले भर में धरने पर बैठे स्वास्थ्य मिशन के 650 कर्मचारी, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, कर्मचारी नेता बोले: मांग पूरी होने तक चलेगा आंदोलन

मुरैना. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जिले भर के 650 कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 2 जून से अनिश्चितकालीन चरणबद्ध हड़ताल पर हैं। जिला मुख्यालय पर सीएमएचओ कार्यालय के सामने स्थित मंदिर पर कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। आंदोलन करने वालों में चिकित्सक से नर्सिंग स्टाफ, कंप्यूटर ऑपरेटर, फार्मासिस्ट सहित मैनेंजमेंट के कर्मचारी भी शामिल हैं।


हड़ताल क्रमबद्ध तरीके से हो रही है। तृतीय दिवस गुरुवार को शासन-प्रशासन की सद्बुद्धि और कर्मचारियों की मांगों के न्यायपूर्ण निराकरण हेतु सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। चतुर्थ दिवस पर सोशल मीडिया अभियान चलाकर आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर जनसमर्थन दिलाया जाएगा। पंचम दिवस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत कर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। छठे दिन शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने हेतु प्रतीकात्मक रूप से ‘भैंस के आगे बीन’ कार्यक्रम होगा।

इन मांगों को लेकर हो रहा आंदोलन

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सभी संविदा कर्मचारियों को मुख्यमंत्री द्वारा 30 जनवरी 2026 को दशहरा मैदान टीटी नगर में अभिनंदन कार्यक्रम में की गई घोषणा अनुसार नियमितिकरण का लाभ दिया जाए।
सामान्य प्रशासन 2023 की नीति अनुसार एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान किया जाए।
अन्य राज्यों की भांति 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि दी जाए। नियमित कर्मचारियों की भांति मंहगाई भत्ता प्रदान किया जाए।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के वेतन में पीबीआई समायोजित किया जाए एवं पूर्व की भांति इंडीगेटर किए जाएं।
शासन द्वारा समकक्षता (वेतन विसंगति) का निर्धारण गलत किया गया है। जिस पर पुन: विचार कर संशोधित किया जाए।
संविदा कर्मचारियों को नियमित की भांति अवकाश प्रदान किए जाएं।

पोरसा में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी रहे हड़ताल पर, सेवाएं ठप

पोरसा में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले शासकीय अस्पताल और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत संविदा कर्मचारी दूसरे दिन भी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे। लगभग 55 संविदा कर्मचारी मंगलवार से आंदोलनरत हैं। हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे मरीजों को आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोरसा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी कामकाज प्रभावित है। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि हड़ताल से सेवाएं प्रभावित हुई हैं और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिला कार्यालय को पत्र भेजा गया है।

संविदा कर्मियों की हड़ताल: अंबाह की स्वास्थ्य सेवाएं बाधित

अंबाह में अपनी लंबित मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल से अंबाह क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। 2 जून से शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते बुधवार को सिविल अस्पताल अंबाह सहित ब्लॉक स्तर के करीब एक दर्जन संविदा कर्मचारी कार्य से दूर रहे। इससे टीकाकरण, महिलाओं व बच्चों की स्वास्थ्य जांच, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग और विभागीय कार्य प्रभावित हुए। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ, स्वास्थ्य बीमा, प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि और समान कार्य के लिए समान वेतन शामिल है। बीएमओ प्रमोद शर्मा ने बताया कि हड़ताल से कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन आवश्यक सेवाएं जारी रखने के लिए स्थायी कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें