# मेरठ

‘दीदी! कुछ लोग मेरी फील्डिंग सेट कर रहे हैं’, बहन को किया आखिरी कॉल और कुछ देर बाद कार में मिली भाई की लाश

Meerut Murder Case: यूपी के मेरठ में 23 साल के तुषार की कार के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौत से ठीक पहले तुषार ने अपनी बहन को आखिरी कॉल करके कहा था कि कुछ लोग मेरी फील्डिंग सेट कर रहे हैं, पढ़ें पूरा मामला...

2 min read
मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या (फोटो- Sudhirstar 'X')

Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खरखौदा इलाके में एक पुल के नीचे खड़ी कार के अंदर 23 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वाले का नाम तुषार त्यागी था, जो पास के ही हापुड़ जिले का रहने वाला था। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात वो आखिरी फोन कॉल है, जो तुषार ने मरने से ठीक पहले अपनी बहन को किया था।

मरने से ठीक पहले बहन को किया था फोन

घर वालों के अनुसार, तुषार को अंदाजा हो गया था कि उसकी जान खतरे में है। मरने से कुछ मिनट पहले उसने अपनी बहन को फोन किया और घबराते हुए कहा कि दीदी, कुछ लोग मेरी फील्डिंग सेट कर रहे हैं (मुझे घेर रहे हैं)… मुझे अपनी जान का खतरा लग रहा है। बहन कुछ समझ पाती, इससे पहले ही फोन कट गया। इसके कुछ ही देर बाद घरवालों के पास एक अनजान नंबर से फोन आया और कॉलर ने बताया कि तुषार को गोली मार दी गई है।

पुल के नीचे कार में लहूलुहान मिला शव

खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को पुल के नीचे खड़ी एक कार के अंदर तुषार का शव लहूलुहान हालत में मिला। बदमाशों ने तुषार के सिर और गले पर बहुत पास से गोली मारी थी। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रॉपर्टी का विवाद या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस को शक है कि इस हत्या के पीछे जमीन-जायदाद (प्रॉपर्टी) का कोई पुराना विवाद हो सकता है। सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस आस-पास के CCTV कैमरों के फुटेज देख रही है और बदमाशों को पकड़ने के लिए मोबाइल लोकेशन की मदद भी ले रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

मेरठ के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात को हापुड़ की रहने वाली मोना त्यागी ने पुलिस को फोन करके अपने भाई तुषार की हत्या की जानकारी दी थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बदमाशों को पकड़ने के लिए 4 विशेष टीमों का गठन किया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।