UP Congress President Ajay Rai: लखनऊ में कांग्रेस ने महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नजर नहीं आ रही।
Ajay Rai Press Conference Lucknow: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को बढ़ती महंगाई, ईंधन की आसमान छूती कीमतों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही देश में आर्थिक संकट गहराने की चेतावनी दे चुके थे, लेकिन सत्तापक्ष ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी आम परिवारों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से ईंधन की कीमतों में तत्काल कटौती की मांग की।
भाजपा द्वारा कांग्रेस शासित राज्यों में महंगे पेट्रोल को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर अजय राय ने सीधा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ किसी एक राज्य में नहीं उपजता। इसकी कीमत केंद्र सरकार की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पेट्रोल और डीजल केवल विपक्ष शासित राज्यों में महंगे होते हैं? उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रामक आरोप जनता को गुमराह करने की कोशिश मात्र हैं।
अजय राय ने सामाजिक सौहार्द के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत एक बहुधर्मी और बहुसांस्कृतिक देश है, जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और जैन सभी को अपनी आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इन दिनों 'बड़ा मंगलवार' के अवसर पर लखनऊ सहित कई स्थानों पर हनुमान जी के भंडारे आयोजित हो रहे हैं और सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कुशीनगर के हाटा क्षेत्र में कथित जमीन विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर अजय राय ने सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां लोगों के साथ जबरदस्ती की गई और पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कमजोर और शोषित वर्गों की आवाज बनती आई है और भविष्य में भी उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय, समानता और भाईचारे के लिए अपना संघर्ष अनवरत जारी रखेगी।