# लखनऊ

UP में विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब पोस्ट पेड की तरह काम करेंगे ‘स्मार्ट मीटर’

उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। सरकार ने निर्णय लिया है कि अब सभी स्मार्ट मीटर, पहले की तरह पोस्ट पेड की तरह ही काम करेंगे।

2 min read
बिजली मीटर- प्रतीकात्मक तस्वीर पत्रिका

उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। सरकार ने निर्णय लिया है कि अब सभी स्मार्ट मीटर, पहले की तरह पोस्ट पेड की तरह ही काम करेंगे। स्मार्ट मीटर में आ रही तकनीकि दिक्कतों और विद्युत उपभोक्ताओं के लगातार विरोध के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दी जानकारी

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था में किए परिवर्तन की जानकारी दी है। ऊर्जा मंत्री ने अपने 'X' अकाउंट पर लिखा- मैंने पहले भी कहा था 'उपभोक्ता देवो भव:', निर्णय लिया है कि सभी स्मार्ट मीटर अब पोस्ट पेड मीटर की तरह ही काम करेंगे। विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से आ रही तकनीकि दिक्कत के मद्देनजर उन्हें बड़ी राहत देने का महत्वपूर्ण निर्णय आज लिया है।

ऊर्जा मंत्री बताए लागू होने वाले नए नियम

  • सभी उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर सामान्य/पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही कार्य करेगा।
  • प्री-पेड व्यवस्था समाप्त की जा रही है।
  • उपभोक्ता जिस तरह पहले मासिक बिल भरते थे, वैसे ही महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक का बिल अगले 10 दिन में SMS या व्हाट्सएप पर भेजा जाएगा।

ऊर्जा मंत्री की उपभोक्ताओं से अपील

ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने नई व्यवस्था लागू करने की जानकारी दी है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की है कि दी गई समय सीमा के अंदर बिजली बिल अवश्य जमा करें। उन्होंने लिखा- आपसे यह भी निवेदन है कि अपना फोन नंबर अपडेट करा लें और बिजली विभाग से आने वाले संदेशों पर ध्यान दें। बिजली विभाग को यह भी पुनः निर्देशित किया है कि किसी भी स्थिति में महीने के अंदर बिजली नहीं काटी जाएगी।

बकाया बिल जमा करने में किश्तों की व्यवस्था लागू

ऊर्जा मंत्री ने विद्युत विभाग के लिए लिखा- पिछला बकाया हो तो उपभोक्ता को 10 किश्तों में भरने की सुविधा प्रदान की जाय। पुराने मीटरों को स्मार्ट-प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य स्थगित किया गया है, फिर भी हाल में लगे स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान हमारी प्राथमिकता है। गर्मी के दिनों में लोगों को विद्युत संबंधी कोई तकलीफ न पड़े, इसके लिए शक्ति भवन में मीटिंग कर विभाग को आज पुन: हिदायत दी है।