# लखनऊ

खुराफाती लोगों को समझाएं मुसलमान भाई, सड़क पर नमाज को लेकर भाजपा नेता का बड़ा बयान

BJP Leader Sunil Bharala Statement: रास्ते पर नमाज से लेकर पाकिस्तान में बदले गए नामों तक। जानिए भाजपा नेता सुनील भराला ने विपक्ष और घुसपैठियों को लेकर क्या कहा।

2 min read
भाजपा नेता सुनील भराला। PC: IANS

CM Yogi Namaz Guidelines: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा करने को लेकर जारी निर्देश पर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इस पूरे प्रकरण पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील भराला ने अपनी स्पष्ट राय रखी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के रुख का पूरजोर समर्थन किया और कहा कि किसी भी धर्म की पूजा-पद्धति उसी स्थान पर शोभती है जो उसके लिए निर्धारित है।

भराला ने कहा कि चाहे हिंदू हो, मुसलमान हो या किसी और आस्था का व्यक्ति, सड़क पर बैठकर धार्मिक क्रिया करना न केवल अव्यवस्था पैदा करता है, बल्कि इससे आम जनजीवन भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि मस्जिदें इसीलिए बनाई गई हैं ताकि लोग वहां जाकर इबादत कर सकें। जो लोग जानबूझकर सड़क या सार्वजनिक स्थल पर नमाज पढ़कर विवाद खड़ा करते हैं, उन्हें मुस्लिम समाज के बुजुर्ग और जिम्मेदार लोगों को स्वयं समझाना चाहिए।

मलीहाबाद विवाद पर बोले- जांच जारी है

मलीहाबाद में उठे विवाद के सवाल पर भराला ने कहा कि पुरातत्व विभाग और संबंधित अधिकारी इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से ही इस पूरे मामले की जानकारी रखते हैं और समय पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

विपक्ष को आड़े हाथ लिया

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश में बिजली संकट को लेकर सरकार पर साधे गए निशाने का भराला ने करारा जवाब दिया। उन्होंने याद दिलाया कि सपा शासनकाल में राज्य के लोग मात्र दो घंटे बिजली के लिए तरसते थे। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति हो रही है। उन्होंने व्यंग्यपूर्ण लहजे में कहा कि अखिलेश यादव को एसी कमरों से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत देखनी चाहिए।

लाहौर के नाम बदलने पर मोदी की नीति को श्रेय

पाकिस्तान के लाहौर में नौ स्थानों के नाम बदले जाने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए भराला ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति का असर है। उन्होंने कहा कि जब भारत मजबूत होता है, तो पड़ोसी देशों में भी धार्मिक भावनाओं का सम्मान बढ़ता है। यह सकारात्मक बदलाव पूरे विश्व में भारत की बढ़ती साख को दर्शाता है।

बंगाल में घुसपैठ रोकने पर जताई संतुष्टि

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा हर जिले में घुसपैठियों के लिए होल्डिंग सेंटर बनाने के फैसले पर भराला ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उसे पार्टी पूरा करेगी। भाजपा के नेतृत्व में अब बंगाल में घुसपैठ की समस्या को जड़ से समाप्त किया जाएगा।