# ललितपुर

जोश-जोश में एक-एक कर 5 युवक नहर में कूदे, 4 की डूबने से मौके पर हुई मौत, ललितपुर में दर्दनाक हादसा

Four Man Drowned: एक-एक कर 5 लड़के नहर में कूद गए। इनमें से 4 की डूबने से मौत हो गई। ये दर्दनाक हादसा यूपी के ललितपुर में हुआ। जानिए पूरा मामला क्या है?

2 min read
ललितपुर में डूबने से 4 की मौत। फोटो सोर्स-IANS

Four Man Drowned:उत्तर प्रदेश के ललितपुर और अयोध्या में 2 बड़ी घटनाएं हुई हैं। ललितपुर में नहर में नहाते समय डूबने से 4 लड़कों की मौत हो गई, जबकि अयोध्या स्थित सरयू नदी में 3 युवक डूब गए, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

ललितपुर में 4 लोगों की डूबने से हुई मौत

ललितपुर की घटना उस समय घटी, जब नहर में नहा रहे एक युवक को बचाने के लिए कुछ और लड़के जोश-जोश उसमें कूदे। बताया जा रहा है कि सभी युवक मध्य प्रदेश के वस्त्रावन गांव से शादी समारोह में आए हुए थे। फिर वे अपनी बहन के यहां हर्षपुर गांव पहुंचे थे,जहां वे नहर में नहाने के लिए निकले थे। एक युवक को बचाने के लिए एक-एक कर 5 युवक नहर में कूद गए, इनमें से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है।

एक युवक की हालत गंभीर

घटना की जानकारी सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचा। अभी एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे फिलहाल, झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।

दूसरी घटना अयोध्या की

वहीं, दूसरी घटना अयोध्या के कोतवाली क्षेत्र में हुई। जानकारी सामने आई कि सरयू नदी में स्नान करते समय कुछ लोग डूब गए थे, जिनमें से तीन युवकों की मौत होने की आशंका है। अयोध्या SP सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के अंतर्गत सरयू तट पर कुछ लोग स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान, वे बैरिकेडिंग को पार करके आगे बढ़ गए थे। उनमें से 3 युवक पानी में डूब गए, जिनकी मृत्यु संभावित है। उन्होंने बताया कि SDRF और जल पुलिस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। लापता युवकों की बरामदगी के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी

बता दें कि इससे पहले, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक नाव के नदी में डूबने से नाबालिग की मौत हो गई, जबकि कई लोग अभी लापता हैं। हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुपुर पटिया में बीते दिन 9 लोगों को नदी पार करा रही नाव पलटी थी, जिनमें से 6 लोग लापता हो गए। गुरुवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोरी अर्चना का शव बरामद हुआ। NDRF और SDRF की टीमें अभी रेस्क्यू में जुटी हैं।