# कानपुर

कानपुर में कॉलेज के पास बड़ा हादसा, नाले का स्लैब धंसने से कीचड़ में गिरे बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए छात्र

Kanpur News: यूपी के कानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए कई छात्र अचानक नाला धंसने से उसमें गिर गए। घटना के बाद वंहा मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया।

2 min read
कानपुर में अचानक धंसा नाला परीक्षा देने आए छात्र गंदे पानी में गिरे (फोटो- पत्रिका)

BEd Entrance Exam Kanpur: कानपुर शहर के मकराबटगंज इलाके में शनिवार को बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए कई छात्र अचानक नाले का स्लैब धंसने से उसमें गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। नाले के गंदे पानी और कीचड़ में गिरने से छात्रों के कपड़े और प्रवेश पत्र खराब हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना से परीक्षार्थियों और उनके परिजनों में भारी रोष है।

परीक्षा केंद्र जाते समय हुआ हादसा

मकराबटगंज स्थित कॉलेज में बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। केडी पैलेस के बगल में मौजूद इस कॉलेज में परीक्षा देने के लिए भारी संख्या में छात्र पहुंचे थे। परीक्षा से पहले जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए पास ही नाले के ऊपर बनी एक दुकान पर छात्रों की भीड़ जमा थी। तभी अचानक नाले के ऊपर बनी कंक्रीट की स्लैब टूट गई और वहां खड़े करीब 20 से 25 परीक्षार्थी सीधे गहरे और गंदे नाले में जा गिरे।

एडमिट कार्ड और कपड़े हुए खराब

गंदे नाले में गिरने से परीक्षार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनके कपड़े कीचड़ से सन गए और परीक्षा के लिए जरूरी प्रवेश पत्र भी भीगकर खराब हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों और अन्य छात्रों ने फुर्ती दिखाते हुए नाले में गिरे सभी परीक्षार्थियों को बाहर निकाला। गनीमत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी स्टूडेंट को गंभीर चोट नहीं आई।

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद छात्रों और उनके परिजनों ने कॉलेज प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि जब यहां इतनी बड़ी परीक्षा होने वाली थी तो पहले से रास्ते की मरम्मत और सुरक्षा की जांच क्यों नहीं की गई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नाले के अंदर गैस का भारी दबाव बनने के कारण स्लैब कमजोर होकर टूट गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ढांचा काफी समय से जर्जर हालत में था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।