# जोधपुर

जोधपुर के मंडोर गार्डन में हादसा, टॉय ट्रेन से गिरी 5 साल की मासूम, गर्दन के ऊपर से निकला पहिया, मौत

Toy Train Accident: मंडोर गार्डन में टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान हुए हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

2 min read
अनायरा। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल मंडोर गार्डन में घूमने आए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान पांच वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बच्ची की चचेरी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने टॉय ट्रेन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, बरकत साहब की हवेली बंबा स्कूल क्षेत्र निवासी मोहम्मद हबीब 31 मई की शाम अपने परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गए थे।

यह वीडियो भी देखें

चालक ने अचानक लगाया था ब्रेक

उनके साथ पत्नी अफसाना, पांच वर्षीय बेटी अनायरा, भाभी शहनाज और 20 वर्षीय भतीजी मुस्कान भी थीं। परिवार ने गार्डन में चल रही टॉय ट्रेन की सवारी की, लेकिन यह सफर कुछ ही मिनटों में दर्दनाक हादसे में बदल गया। परिजनों के अनुसार, शाम करीब छह बजे टॉय ट्रेन मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर क्षेत्र के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिए। झटका इतना जोरदार था कि ट्रेन में बैठी अनायरा संतुलन खोकर नीचे गिर गई।

चचेरी बहन भी घायल

परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ट्रेन का पहिया बच्ची की गर्दन के ऊपर से गुजर गया। हादसे के समय ट्रेन में मौजूद परिजन लगातार चालक को ट्रेन रोकने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन आरोप है कि चालक ने तुरंत ट्रेन नहीं रोकी। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी चचेरी बहन मुस्कान भी नीचे गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद दोनों को तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनायरा को मृत घोषित कर दिया।

वहीं मुस्कान का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब ने आरोप लगाया कि ट्रेन की स्थिति को लेकर उन्होंने पहले भी आपत्ति जताई थी, लेकिन कर्मचारियों ने आश्वस्त कर सवारी करने के लिए कहा। उनका कहना है कि यदि समय रहते सावधानी बरती जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर टॉय ट्रेन संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।