# झालावाड़

Rajasthan Road Accident: पंचर ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई बाइक, घर लौट रहे 2 युवकों की मौत, शव देखकर रो पड़े परिजन

Jhalawar Accident News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने पर दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2 min read
ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक का फोटो: पत्रिका

Bike Collided With Tractor Trolley: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र से देर रात एक सड़क हादसे का मामला सामने आया। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की गंभीर चोटें लगने से मौत हो गई। हादसा बांसखेड़ी गांव के पास देर रात हुआ। दरअसल सड़क किनारे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पंचर होने के कारण खड़ी थी। इसी दौरान पिड़ावा से अपने गांव की ओर जा रहे दो युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और अंधेरा अधिक होने के कारण ट्रॉली का समय पर पता नहीं चल पाने के कारण उनकी बाइक पीछे से सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर लौटते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक

हादसे की सूचना मिलते ही पिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल पिड़ावा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दुर्गालाल (30) पुत्र भगवान लाल मेघवाल निवासी ढाबला भोज तथा भरत सिंह (19) पुत्र विक्रम सिंह सोंधिया राजपूत निवासी बांसखेड़ी थाना पिड़ावा के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव देखकर परिजन फूट-फूटकर रोने लगे और दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने बताया कि आज शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

बस और बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत

वहीं दूसरे मामले में झालावाड़ के हरनावदा-मनोहरथाना मार्ग पर गणेशपुरा के निकट गुरुवार रात बस और दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर किया। जानकारी के अनुसार, हरनावदा से मनोहरथाना मार्ग पर चंदीपुर की ओर जा रही निजी बस गणेशपुरा के पास दो बाइकों से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक पर सवार गांगाहोनी निवासी अर्जुन 25 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग और बस के चालक-परिचालक सहित कुल पांच लोग घायल हुए। घायलों में हरनावदाशाहजी निवासी छोटूलाल (65) और उसका पुत्र लोकेश राठौर (36), दूसरी बाइक पर सवार खेड़ी जागीर निवासी दिनेश लोधा (24), बस चालक कुम्भाखेड़ी निवासी राजेश भील (40) और बस परिचालक गणेशपुरा काकोणी निवासी नंदकिशोर राव (42) शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों व हरनावदा थाना की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरनावदाशाहजी पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हरनावदा थाना ने मृतक अर्जुन के पिता नाथूलाल लोधा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया।