# जयपुर

Rajasthan Weather Alert 1 June : अगले 3 घंटे में 17 जिलों में 60 KMPH की गति से धूलभरी आंधी, बारिश की संभावना

Rajasthan Weather Alert 1 June : राजस्थान में मौसम विभाग ने 1 जून को सुबह 5.10 बजे तीन घंटे के डबल अलर्ट के तहत 17 जिलों में 60 KMPH की गति से बारिश, मेघगर्जन, तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

2 min read
फोटो - AI

Rajasthan Weather Alert 1 June : राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने आज सोमवार सुबह 5.10 बजे बारिश व तेज हवा का तीन घंटे का डबल अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, डीग, अलवर तथा कोटपूतली बहरोड़ जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक तेज हवाएं 40-60 किमी/घंटा, धूलभरी आंधी तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना का तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राजस्थान में राजसमंद, पाली, ब्यावर, जोधपुर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर तथा फलोदी जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना का येलो अलर्ट जारी किया है।

संभावित प्रभाव - ऑरेंज अलर्ट

1- संवेदनशील स्थान जैसे बड़े पेड़, बिजली के खंभे, कच्चे घरों दीवारों, झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को मामूली नुकसान होने की संभावना है।
2- दृश्यता में कमी होने की संभावना है।
सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों व कमजोर संरचनाओं के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
2- वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें।

संभावित प्रभाव - येलो अलर्ट

1- सामान्यतः कोई विशेष प्रभाव नहीं।
सुझाव
1- मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थान पर शरण हैं।

बीते 24 घंटे में दिन में 6 और रात में करीब 8 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज

भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बीते 3 दिन में चले आंधी और बारिश के दौर ने काफी राहत दी है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिन में छह और रात में करीब आठ डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिन तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। रविवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों व पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून की हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 55 मिमी बारिश शाहपुरा (शाहपुरा-कोटपूतली) में रिकॉर्ड की गई। वहीं, कई स्थानों पर मेघगर्जन और धूलभरी आंधी भी चली। विभाग के अनुसार, रविवार को बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला।

रात को 8.9 डिग्री तक पारा गिरा

मौसम केन्द्र के अनुसार, बीते दो दिन से अंधड़-बारिश के बाद राज्य के शहरों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगभग सभी शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट हुई। वहीं, रात के तापमान में सबसे अधिक गिरावट अजमेर में 8.9 डिग्री तक हुई। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 और रात का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया।

जयपुर मौसम : आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस

जयपुर का मौसम आज सोमवार 1 जून को बेहद सुहावना है। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। सुबह 6 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।