राजस्थान की राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों और हुक्का बारों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कई युवतियां अनैतिक गतिविधियों में शामिल पाई गईं। जवाहर सर्कल, महेश नगर, सोडाला, श्याम नगर में और अशोक नगर कार्रवाई हुई।
जयपुर। डीसीपी साउथ की स्पेशल टीम और ईस्ट जिले में स्पा सेंटरों और हुक्का बार के खिलाफ बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने महेश नगर, सोडाला, श्याम नगर थाना क्षेत्र और जवाहर सर्कल में चल रहे स्पा सेंटरों में दबिश देकर संदिग्ध व अनैतिक गतिविधियों के आरोप में 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अशोक नगर में एक अवैध हुक्का बार संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। स्पा सेंटरों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर राजस्थान पत्रिका ने सोमवार को स्पा रैकेट : मसाज तो सिर्फ बहाना, एक्सट्रा सर्विस है असली खेल प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि अवैध और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को इन स्पा सेंटरों और कैफे पर विशेष अभियान के तहत छापेमारी की कार्रवाई की गई। वहीं ईस्ट जिले में जवाहर सर्कल में कार्रवाई की गई।
न्यू सांगानेर रोड पर स्थित 'इनफिनिटी स्पा मसाज पार्लर' में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के आरोप में विवेक शर्मा निवासी कानोता, मूलचंद उर्फ पिन्टू निवासी न्यू सांगानेर रोड, युधिष्ठर उर्फ डब्बू निवासी सोडाला और रामावतार निवासी महेश नगर को गिरफ्तार किया।
सोडाला इलाके में चल रहे 'वाइल्ड स्टोन स्पा सेंटर' पर भी पुलिस ने छापा मारा। यहां जांच के दौरान अनैतिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। इस मामले में पुलिस ने नवीन खण्डूजा निवासी सोडाला, विशाल कन्शल निवासी शास्त्री नगर, रमन गुर्जर निवासी धौलपुर और कनक कुमार निवासी सोडाला को गिरफ्तार किया है।
वहीं जयपुर की श्याम नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मैनेजर सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आधा दर्जन स्पा सेंटरों की जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर यह कार्रवाई की।
थानाप्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोनेर रोड खोह नागोरियान निवासी केशव सोनी, उच्चैन भरतपुर निवासी संजय, सोडाला निवासी अनिल कुमार, भरतपुर निवासी जगतसिंह, बयाना भरतपुर निवासी जोगेन्द्र कुमार, गोगामेडी हनुमानगढ़ निवासी आशीष बांगडवा, विनोद कुमार, अजीतगढ़ सीकर निवासी रौनक सैन और तिमिर कांवत को गिरफ्तार किया है।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने अशोका मार्ग स्थित 'ब्लूज कैफे एंड रेस्टोरेंट' पर भी कार्रवाई की। यहां मैनेजर तरुण शर्मा निवासी सोडाला बिना लाइसेंस के ग्राहकों को हुक्का परोसते मिला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से 7 हुक्के, चिलम और फ्लेवर बरामद किए गए। साथ ही हुक्का पीते मिले 7 ग्राहकों का चालान कर 1400 का जुर्माना वसूला गया।
जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने स्पा और मसाज सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए चार स्पा सेंटरों पर कार्रवाई कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सात पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। पुलिस पिछले कुछ दिनों में विभिन्न स्पा और मसाज सेंटरों से 55 लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई कर चुकी है। थानाधिकारी महेश चन्द्र गुर्जर ने बताया कि दो जून को जवाहर सर्कल क्षेत्र में संचालित चार स्पा सेंटरों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान सात पुरुषों और सात महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।