MP Highway News- मध्यप्रदेश के इस हाईवे पर स्थित शहपुरा ओवर ब्रिज का काम अब दोबारा शुरू किया जाएगा...।
Jabalpur Bhopal Highway- जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे नंबर 45 पर शहपुरा क्षेत्र में रेलवे ओवर ब्रिज का काम अब फिर से होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से पुरानी डिजाइन में बदलाव किए जाने का फैसला हुआ है। इस फैसले के बाद अब लागत और निर्माण पूरा करने का समय भी बढ़ जाएगा। इससे पहले भी यह ब्रिज फरवरी माह में क्षतिग्रस्त हो गया था जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सवाल उठाए थे। वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने एक्शन भी लिया था।
जबलपुर-भोपाल हाईवे-45 के इस आरओबी का डिजाइन नए सिरे से तैयार हो रहा है। नई डिजाइन के मुताबिक अब इसकी लागत 30 करोड़ रुपए हो जाएगी। यह जो पैसा बढ़ेगा उसका भार कंपनी पर आएगा। पुरानी संरचना और मौजूदा ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
केंद्रीय मंत्रालय ने सुरक्षा और भविष्य में इसकी जरूरतों को ध्यान में रख आरओबी की डिजाइन में बदलाव किया है। यह काम 6 माह में पूर्ण हो सकता है। लेकिन, जल्द ही मानसून मध्यप्रदेश में आ रहा है। इसे देख समय बढ़ सकता है, वहीं बारिश को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग को भी मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी गई है। डायवर्सन रोड और घंसोर रोड को भी मजबूत कर दिया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर न हों।
बताया जा हा है कि लगातार वजनदार वाहनों के आने-जाने से सड़क जर्जर हो रही है। बारिश में यह रास्ता और खराब हो जाता है। इसे देख स्थायी रूप से इसे पक्का करने का फैसला किया गया है।
गौरतलब है कि जबलपुर-भोपाल हाईवे पर स्थित शहपुरा रेलवे ओवर ब्रिज का आवागमन फरवरी में इसलिए प्रभावित हो गया था, जब सड़क का एक हिस्सा धंस गया था। इससे ट्रैफिक वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जा रहा है। 400 करोड़ की लागत से बना तीन साल पुराना यह ब्रिज दूसरी बार क्षतिग्रस्त हो गया है।
शहपुरा रेलवे ओवर ब्रिज का एक हिस्सा फरवरी में धंस गया था। जब यह हादसा हुआ, तब कोई भी वाहन ब्रिज पर नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। जब यह ब्रिज गिरा तब गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठे थे। तब पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कांट्रेक्टर को ब्लैकलिस्ट कर दिया था और अधिकारी के खिलाफ भी कार्यवाही की थी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तब सोशल मीडिया एक्स पर लिखकर राजनीति गर्मा दी थी। उन्होंने ब्रिज धंसने का वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर भ्रष्टाचार पर आरोप लगाए थे। पटवारी ने कहा था कि बीजेपी अब भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है और आम जनता की मेहनत का पैसा भ्रष्टाचार में खर्च हो रहा है।