# हरदा

एमपी में मैगी खाने के बाद युवक की संदिग्ध मौत

mp news: मैगी खाने के बाद युवक ने चाय बनाकर पी थी और सो गया था, पिता जब घर लौटे तो बिस्तर पर उल्टियां कर रहा था बेटा।

less than 1 minute read
youth dies under suspicious circumstances after eating maggi

mp news: मध्यप्रदेश के हरदा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना जिले के हंडिया थाना इलाके के गांव खेड़ा आदलपुर की है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

मैगी खाने के बाद पी थी चाय

हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के खेड़ा आदलपुर गांव में रहने वाले युवक अरविंद झिंझोरे (25 वर्ष) की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मृतक अरविंद के पिता सुरेश झिंझोरे ने बताया कि शाम को 4 बजे बेटे ने मैगी बनाकर खाई थी। इसके बाद उसने चाय बनाकर पी थी और कुछ देर बाद वह सो गया था। बेटे के सोने के बाद वो खेत चले गए थे और जब वापस लौटे तो अरविंद बिस्तर पर उल्टी कर रहा था। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मृतक अरविंद झिंझोरे सोलर पैनल लगाने का काम करता था। जिला अस्पताल के डॉ. नवीन जैन ने बताया कि जिस समय युवक को अस्पताल लाया गया था तब भी उसके मुंह से झाग निकल रहा था। जिसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तो वो मृत था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। अरविंद की मौत कैसे हुई फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चल सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।